भोपाल के गांवों में सब कुछ बंद, सभी धार्मिक, सामाजिक व शादी समारोह पर रोक लगी
भोपाल. कोरोना संक्रमण का कहर अब गांवों में भी फैलने लगा है और इसी को देखते हुए प्रशासन ने अब गांवों की तरफ फोकस कर दिया है। इसी कारण शहरों के बाद अब गांवों में सब कुछ बंद कर दिया है। लोगों को मास्क पहनने से लेकर सोशल डिस्टेंसिंग रखने के बारे में बताया जा रहा है। कलेक्टर के आदेश पर गांवों में सभी तरह के धार्मिक, सामाजिक और शादी समारोह पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इतना ही नहीं कानून का उल्लंघन पर सजा दिए जाने का भी ऐलान किया जा रहा है हालांकि शासन द्वारा कराए जा रहे इस तरह के अनाउंसमेंट के दौरान की कई लोग बिना मास्क के नजर आए।
अनाउंसमेंट कर कहा जा रहा, कोरोना अब शहर से गांवों में आ रहा
शासन द्वारा लोगों में कोरोना को लेकर प्रचार प्रसार के लिए एक गाने का सहारा लिया जा रहा है। अनाउंसमेंट के दौरान कहा जा रहा है कि कोरोना अब शहर से गांवों में आ रहा है। लोग घरों में रहें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। बीमारी होने पर तत्काल इलाज कराए और कोरोना फैलने से रोकें।
वहीं गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने एक दिन पहले जानकारी देते हुए कहा कि गांवों की स्थिति नियंत्रण में है। यहां पर अभी 6 प्रतिशत की दर से कोरोना संक्रमण फैल रहा है जबकि शहरों में यह 13 प्रतिशत से ज्यादा है। गांवों में कोरोना को फैलने से रोकने के लिए प्रयास किए जा रहे है।
