ग्वालियर में कोरोना के बाद दो महिला में ब्लैक फंगस की पुष्टि
ग्वालियर. कोरोना को हरा चुके मरीजों में ब्लैक फंगस की शिकायत सामने आ रही है। कोरोना हरा चुकी ग्वालियर की दो महिला मरीजों में ब्लैक फंगस की शिकायत गुरूवार को पाई गई। एक महिला मरीज के जबड़े का ऑपरेशन कर वह हिस्सा निकाल दिया गया जहां पर फंगस का संक्रमण था जबकि दूसरी मरीजा का ऑपरेशन आज किया जाएगा। डॉक्टरों का कहना है कि पोस्ट कोविड मरीजों में ब्लैक फंगस की शिकायत तेजी से बढ़ रही है।
केस 1- सिम्स अस्पताल के आईसीयू में भर्ती चंद्रवदनी नाका निवासी 43 वर्षी रमादेवी शर्मा के जबड़े का ऑपरेशन कर डॉक्टरों की टीम ने ब्लैक फंगस से संक्रमित हिस्सा निकाल दिया है। जब इसकी बायोप्सी जांच कराई तो उसमें ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है।
केस 2- उपनगर ग्वालियर निवासी अंकिता शर्मा को भी ब्लैक फंगस की शिकायत है, डॉ. राजवीर यादव का कहना है कि वह 10 दिन पहले कोरोना को हरा चुकी है। शुरू में उन्होंने शांता नर्सिंग होम फिर अपोलो में भर्ती रहकर कोरोना का इलाज लिया इसके बाद उन्हें चहरे में सुन्नपन की शिकायत हुई। जब नाक व साइनस की एचआरसीटी से जांच कराई तो उसमें ब्लैक फंगस संक्रमण की पुष्टि हुई जिसका ऑपरेशन शुक्रवार को अपोलो अस्पताल में किया जाएगा।
