स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी की प्रेसवार्ता में उमड़ी भीड़, मानव अधिकवार आयोग ने तलब की रिपोर्ट

भोपाल. स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी की प्रेसवार्ता में कोरोना के दिशा-निर्देशों का पालन न होने सहित 4 मामलों में मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब तलब किया है, इनमें भोपाल, इंदौर और रीवा जिले के मामले शामिल है।
इंदौर में स्वास्थ्य मंत्री की प्रेसवार्ता में नियमों का उल्लंघन होने पर आयोग ने इंदौर कमिश्नर और पुलिस महानिरीक्षक से 9 बिंदुओं पर 7 दिन में प्रतिवेदन मांगा है। आयोग ने पूछा है कि ऐसी क्या परिस्थितियां थीं कि प्रेसवार्ता में इतनी भीड़ जुट गई और इसकी इजाजत किसने दी और उसके लिए संख्या तय क्यों नहीं की गई। शारीरिक दूरी का पालन क्यों नहीं हो सका और इस मामले में किसी पर कोई कार्रवाई की गई है या नहीं। आयोग ने कहा कि वर्चुअल कॉन्फ्रेंस भी तो की जा सकती थी।
भोपाल मेमोरियल अस्पताल में कोरोना संक्रमित महिला से दुराचार के मामले में आयोग ने डीआईजी से 10 दिन में तथ्यात्मक प्रतिवेदन मांगा है। महिला से अस्पताल के कर्मचारी ने दुराचार किया और अगले ही दिन उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस और अस्पताल प्रबंधन ने महिला के स्वजन को जानकारी ही नहीं दी।
दूसरा मामला मजदूर रंजीत सिंह का है, उसे प्लॉट देने का कहकर झुग्गी प्रशासन ने तोड़ दी थी उसे न्यूमार्केट में फुटपाथ पर रहना पड़ रहा है। कोरोना कर्फ्यू के कारण रंजीत का कामकाज भी छूट गया। वह 20 साल से नगर निगम और कलेक्टोरेट के चक्कर काट रहा है पर मकान या जगह नहीं मिल रही। आयोग ने कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त से 15 दिन में प्रतिवेदन मांगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *