ग्वालियर में वीआईपी के लिए किसी भी समय टीकाकरण के स्लॉट खोलकर करा रहे बुकिंग
ग्वालियर. 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए कोरोना वैक्सीन का टीका लगवाने के लिए स्लॉट बुक करना एक बड़ी चुनौती बन गया है। स्वास्थ्य विभाग स्लॉट खोलने का समय शाम 5 से रात 8 बजे के बीच बता रहा है जबकि हकीकत में स्वास्थ्य विभाग अपने चहेतों या फिर वीआईपी के लिए किसी भी समय स्लॉट खोलकर बुकिंग करवा रहा है। 12 मई के टीकाकरण के लिए बुकिंग सोमवार से शुरू की गई।
सोमवार को जीआरएमसी, जीवायएमसी, लधेड़ी सहित अन्य केंद्रों पर स्लॉट बुकिंग के लिए खोले गए थे इतना ही नहीं स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि हर दिन शाम को ही स्लॉट बुक करने के लिए खोले जा रहे है। मंगलवार को इसी हकीकत सामने आ गई। बुधवार के लिए स्लॉट दोपहर 1 बजे खोल दिया गया। यह स्लॉट कुछ चुनिंदा लोगों के लिए खोला गया था। इस कारण वह पलक झपकते ही बुक हो गया। इधर युवा शाम 5 बजे से इस इंतजार में बैठे रहे कि उनके लिए स्लॉट अब खुलेंगे। शाम 5 बजे से पहले ही 5 स्लॉट खोलकर बुकिंग करा दी गई हालांकि स्वास्थ्य अधिकारी इस बात को मानने के लिए तैयार नहीं है। बाकी के केंद्रों के लिए स्लॉट 5.30 बजे के बाद खोले गए। स्वास्थ्य विभाग की यह कारगुजारी युवाओं को नागवार गुजर रही है।
रात को वीआईपी के कहने पर खुले स्लॉट
रात 10.30 बजे से एजी ऑफिस, न्यू हाई कोर्ट, एयरफोर्स, आर्मी स्कूल के स्लॉट खोले गए, जबकि नोडल अधिकारी का कहना था कि शाम 5 से 8 बजे तक खुलेगा। जिन स्थानों पर यह केंद्र बने है इन केंद्रों के स्लॉट वहां के अफसरों के कहने पर खोले गए जो कि युवाओं के साथ एक तरह से छल किया जा रहा है।
