ग्वालियर में 1 हजार नए ऑक्सीजन बेड बढ़ेंगे
ग्वालियर. एक हजार नए ऑक्सीजन बेड़ बढ़ाए जाने के लिए ग्वालियर में शासन स्तर से मंजूरी मिल गई है और जल्द ही यह बेड तैयार किए जाएंगे। इन बेड़ों की सुविधा अलग-अलग जगह होगी जिससे हर जगह के मरीज को लाभ भी मिलेगा। कुछ बेड डबरा, घाटीगांव, भितरवार, मोहना ऐसे स्थानों पर भी उपलब्ध कराए जाएंगे जिससे क्रिटिकल मरीजों को बिना लंबा सफर करे जल्द इलाज मिल सके।
डबरा में 50 बिस्तर के अस्पताल का काम जल्द किया जाएगा जिससे डबरा के मरीजों को राहत मिल सके। ऑक्सीजन की मॉनीटरिंग भी जारी है और कोई कमी फिलहाल नहीं है। किल कोरोना 3 अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक में अफसरों व सदस्यों के सामने यह जानकारी रखी गई और विकासखंड स्तर पर भी ऑक्सीजन बेड सुविधा देने का सुझाव जनप्रतिनिधियों की ओर से आया।
बैठक में मंत्री प्रद्युम्न सिंह, सांसद विवेक शेजवलकर सहित अन्य प्रतिनिधियों ने एक हजार ऑक्सीजन बेड को लेकर सहमति जताई है। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्र में सैंपलिंग की कार्रवाई, किल कोरोना अभियान, आईसोलेशन सेंटर आदि कामों को लेकर गंभीरता बतरने के लिए निर्देश दिए गए है। नगर निगम क्षेत्र के वार्डों में भी संक्रमण पर नियंत्रण के लिए अतिरिक्त सैनेटाइजेशन मशीन, जेटिंग मशीन आदि की खरीद करके काम पूरा करने पर भी सहमति बनी। बैठक में सांसद ने सीएमएचओ को सुझाव दिया कि वे रोज हेल्थ बुलेटिन जारी कर सकते है ताकि आम जन को यह पता रहे कि सरकारी और निजी अस्पतालों में कितने मरीज भर्ती हुए है और कितनों को डिस्चार्ज किया गया है।
