भाजपा विधायक जुगल किशोर बागरी का कोरोना से निधन
भोपाल. विधानसभा सीट से भाजपा विधायक जुगल किशोर बागरी का कोरोना संक्रमण के चलते निधन हो गया है। वह कुछ दिनों पहले ही कोरोना संक्रमित हुए थे और भोपाल के चिरायु अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। ऐसा बताया जा रहा है कि विधायक कोरोना से रिकवरी कर रहे थे लेकिन पोस्ट कोविड कॉम्पिलेकेशन के कारण उन्हें हार्ट अटैक आया जिसके चलते उनका निधन हो गया।
वहीं भाजपा विधायक के निधन पर एमपी कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी है। पार्टी ने लिखा कि मध्यप्रदेश के सतना जिले के रैगांव विधानसभा सीट से भाजपा विधायक जुगल किशोर बागरी जी के दुखद निधन की सूचना मिली। कांग्रेस परिवार दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को यह असीम दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना करता है।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी भाजपा विधायक के निधन पर शोक जताया है। सीएम ने ट्वीट करते हुए लिखा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और रैगांव से विधायक साथी जुगल किशोर बागरी के निधन की दुखद सूचना मिली है। मैं उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें और उनके परिजनों को इस गहन दुख को सहने की शक्ति दें यही प्रार्थना है।
