जिला अस्पताल मुरार में दो वार्ड बॉय ने संक्रमित महिला का ऑक्सीजन पाइप निकाला, कान के टॉप्स भी खींच ले गए
ग्वालियर. जिला अस्पताल मुरार में संक्रमित महिला मरीज की जान लेने की कोशिश की गई। यहां दो वार्ड बॉय ने कोविड पेशेंट महिला की ऑक्सीजन का पाइप निकालकर उसे मारने का प्रयास किया जब महिला के बेटे ने उनको देखा तो पकड़ने का प्रयास किया लेकिन आरोपी उसे धक्का देकर भाग निकले। जब बेटा मां के पास पहुंचा तो उनकी सांसें उखड़ने लगीं और तत्काल डॉक्टर को बुलवाकर पाइप लगवाया, यहीं नहीं महिला के कान से सोने के टॉप्स भी आरोपी खींच ले गए।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार पेशेंट के पास दीपक खुद ही देखभाल के लिए बाहर बैठे रहते थे। बाहर खिड़की से मां को देखते रहते थे। रविवार की रात 11.15 बजे दीपक टॉयलेट के लिए गए इसी बीच वहां दो वार्ड बॉय राहुल और सोनू पहुंचे जब दीपक लौटकर आया तो देखा कि यह दोनों उसकी मां को लगे ऑक्सीजन का पाइप निकाल रहे है। शोर मचाते हुए दीपक ने उन्हें पकड़ा लेकिन दोनों उसे धक्का देकर भाग गए। जब दीपक मां के पास पहुंचा तो दखा कि उनके कान के टॉप्स भी नहीं है और तत्काल डॉक्टरों को सूचना दी। डॉक्टरों ने ऑक्सीजन पाइप वापस लगाई।
थाने पहुंचा मामला
रात को ही दीपक ने हंगामा किया जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें शांत किया लेकिन सुबह कार्रवाई नहीं होने पर दीपक ने फिर हंगामा किया। इस पर मुरार थाना पुलिस पहुंच गई। दीपक पुलिस के साथ थाने पहुंचे और यहां पूरी बात बताई जिसके बाद तत्काल डॉक्टरों को जिला अस्पताल से थाने बुलवाया। पुलिस ने आरोपों पर जांच शुरू कर दी है। वॉर्ड बॉय राहुल और सोनू अभी तक नहीं मिले है। इसी अस्पताल में वार्ड बॉय का भाई भी कर्मचारी है उसे पुलिस ने निगरानी में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
