मध्यप्रदेश में कोरोना से बच्चों को बचाने के लिए आईसीयू बनेंगे- चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग

भोपाल. कोरोना की तीसरी लहर से बचने के लिए राज्य सरकार ने रूपरेखा तैयार कर ली है। इसमें नवजात और बच्चों को संक्रमण से बचाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रदेश में इनके लिए मेडिकल कॉलेज के अस्पतालों में आईसीयू वाले 360 बिस्तर तैयार किए जाएंगे। इसी कड़ी में भोपाल के हमीदिया अस्पातल में 50 बिस्तर का बच्चों का आईसीयू तैयार किया जाएगा। यह जानकारी चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग द्वारा ली गई बैठक में दी गई।
मंत्री विश्वास सारंग ने वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के 13 शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं उनके कोविड अस्पतालों के चिकित्सकों एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों के साथ कोरोना की तीसरी लहर की रोकथाम एवं उपचार पर चर्चा कर रहे थे। सारंग ने बताया कि बच्चों के उपचार के लिए दवाइयों और इंजेक्शन के इंतजाम किए जा रहे है, उन्होंने अधिकारियों को इस दिशा में तत्परता से काम करने के निर्देश दिए।
1 हजार ऑक्सीजन कंसंट्रेटर लगाएंगे
बैठक में बताया गया कि 13 मेडिकल कॉलेज के अस्पतालों में 1 हजार ऑक्स्ीजन कंसंट्रेटर स्थापित किए जाएंगे। कार्यायोजना यह है कि इनमें से 15 प्रतिशत का बैकअप रखते हुए 850 ऑक्सीजन बेड को सेंट्रल ऑक्सीजन सप्लाई से पृथक करते हुए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर के माध्यम से संचालित किया जाएगा। मंत्री सारंग ने कहा कि ऑक्सीजन कंसंट्रेटर के सातों दिन और 24 घंटे संचालन के लिए अस्पताल में बिजली के विद्युत भार का आकलन, इलेक्ट्रिक सेफ्टी एवं ऑडिट, प्रत्येक बिस्तर पर पावर प्लग आदि की व्यवस्था कॉलेजों के डीन सुनिश्चित करें।
ऑक्सीजनयुक्त बिस्तर व आईसीयू, एचडीयू बिस्तर की संख्या बढ़ाई जाएगी
ऑक्सीजनयुक्त बिस्तर और आईसीयू व एचडीयू बिस्तर की संख्या बढ़ाई जाएगी। 13 मेडिकल कॉलेज के अस्पतालों में प्रथम चरण में 1267 बिस्तर बढ़ाए जाएंगे। इनमें से 767 बिस्तर आईसीयू व एचडीयू होंगे। बिस्तरों की संख्या बढ़ाने के लिए आवश्यक राशि राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक में अपर मुख्य सचिव सवास्थ्य मोहम्मद सुलेमान, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा निशांत वरवड़े सहित संबंधित मेडिकल कॉलेज के अध्यक्ष एवं संभागायुक्त, डीन और अस्पतालों के अधीक्षक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *