लॉकडाउन में मुरैना में गुर्जर समाज के दो दर्जन युवकों ने बाजार में खुलेआम फायरिंग की, वाहन फोडे, महिला घायल
ग्वालियर. मुरैना शहर में जातीय संघर्ष को लेकर क्षत्रिय समाज के युवकों से जारी टकराव के बाद तीसरे दिन गुर्जर समाज के कुछ लोगों ने बवाल कर दिया। बाइक सवार लगभग 2 दर्जन से ज्यादा दहशतगर्दों ने शनिवार की दोपहर करीब 12.30 बजे बाजार में अंधाधुंध फायरिंग की। वनखंड़ी रोड पर बदमाशों ने करीब आधे घंटे तक उत्पात मचाया इसके बाद शहर में दहशत फैल गई। इस घटना में सुनीता शर्मा नाम की महिला को गोली लगी है। बदमाशों ने करीब 2 दर्जन से अधिक फायर किए है। यहीं नहीं बदमाशों ने वहां मौजूद बसों और 4 पहिया वाहनों के कांच भी फोड़े इसके बाद हवा में बंदूकें लहराते हुए भाग गए और कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया।
क्या है पूरा मामला
लॉकडाउन में जहां आम व्यक्ति के घर से बाहर निकलने पर पाबंदी है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है वहां इतनी बड़ी घटना ने पुलिस प्रशासन को चुनौती दी है। इस वारदात के तार 2 दिन पहले हुई एक घटना से जुड़े है। असल में 2 दिन पहले सोशल मीडिया पर गुर्जर समाज के लोगों द्वारा क्षत्रिय समाज की महिलाओं के संबंध में अश्लील पोस्ट डाले गए थे। क्षत्रिय समाज के लोगों ने शिकायत की तो पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया। दूसरे दिन शुक्रवार को आक्रोशित क्षत्रिय समाज के लोगों ने बदला लेने के लिए गुर्जर समाज के लड़के की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी साथ ही उसकी बाइक को तोड़ दिया। लगातार तीसरे दिन शनिवार को फिर गुर्जर समाज के लोगों ने यह दहशत फैलाई। कुछ लोगों ने इसका मोबाइल से वीडियो बना लिया और वीडियो में बाइक सवार लड़के गोलियां चलाते दिख रहे है।
पुलिस ने भी रोकने की कोशिश नहीं की
लोगों ने बताया कि वनखंड़ी रोड पर पुलिस भी मौजूद थी लेकिन पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की। कुछ लोगों का कहना है कि पुलिस के कुछ सिपाही मौजूद थे जो लड़कों के तेवर देखकर डर गए थे और वे छिप गए थे।
भड़काऊ ऑडियो वायरल
घटना के बाद ऑडियो वायरल हुआ है इसमें कहा गया है कि गुर्जर समाज के किसी व्यक्ति ने क्षत्रिय समाज के लोगों को व्हाइट हाउस पर कल आने की चुनौती दी है। ऑडियो में कहा गया है कि अगर नहीं आ सकते तो चूडि़यां भिजवा देते है। ऐसा बताया जा रहा है कि घटना की शुरूआत राजनीतिक रसूखदारों की शह पर की गई। पहले सभी लड़के क्षेत्र के राजनीति रसूखदार के यहां एकत्रित हुए उसके बाद केएस ऑइल मील पर पहुंचे फिर वहां फायरिंग की। इस पर वहां मौजूद पुलिस बल ने कुछ लड़कों को सिविल लाइन थाने में बंद कर दिया उसके बाद वह वनखंडी रोड पर पहुंचा जहां उन्होंने बवाल किया।
