शहरी क्षेत्र में 7 मई से 25 मई तक किल कोराना-3 अभियान चलेगा
ग्वालियर कोविड-19 संक्रमण की चैन को तोड़ने के लिये नगरीय क्षेत्र में 7 से 25 मई तक किल कोरोना-3 अभियान का संचालन किया जायेगा। अभियान के तहत नगरीय क्षेत्र में प्रत्येक जोन स्तर पर एक-एक कोविड सहायता केन्द्र स्थापित किया जायेगा। इन कोविड सहायता केन्द्रों पर सर्दी-खाँसी और बुखार से पीड़ित व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया जायेगा। ग्वालियर शहर में प्रत्येक जोन में स्थापित जनमित्र केन्द्र में कोविड सहायता केन्द्र प्रारंभ किया जायेगा।
शहर के सभी जनमित्र केन्द्रों पर कोविड सहायता केन्द्र संचालित होंगे
कोविड संक्रमण की चैन को तोड़ने के लिये प्रदेश भर में चलाए जा रहे किल कोरोना-3 अभियान के तहत ग्वालियर में भी 25 जोन में एक – एक कोविड सहायता केन्द्र 7 मई से प्रारंभ होगा। इस केन्द्र पर प्रात: 9 बजे से शाम 4 बजे तक स्वास्थ्य विभाग का अमला उपस्थित रहकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाओं का वितरण करेगा। कोविड सहायता केन्द्र का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिले, इसके लिये स्थानीय जनप्रतिनिधियों, रहवासी संघ, अशासकीय स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से किल कोरोना समिति का गठन भी किया जायेगा। यह समिति भी सभी प्रभावित लोगों को सहायता केन्द्र पर उपस्थित होकर उपचार कराने की सलाह देगी और प्रोत्साहित भी करेगी।
नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने बताया कि अभियान के तहत शहरी क्षेत्र में कोविड सहायता केन्द्रों को प्रारंभ करने की व्यवस्थायें कर ली गई हैं। शहर के सभी जनमित्र केन्द्रों पर सहायता केन्द्र 7 से 25 मई तक संचालित किए जायेंगे। इन केन्द्रों पर आने वाले प्रभावितों का परीक्षण एवं दवा वितरण के साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा इनकी जानकारी पोर्टल पर दर्ज की जायेगी। नगर निगम आयुक्त श्री वर्मा ने बताया कि कोविड सहायता केन्द्र जिन स्थानों पर संचालित होंगे उनमें जनमित्र केन्द्र बहोड़ापुर, नौमहला, लूटपुरा, तानसेन रोड़, कांचमिल, पड़ाव, रेन बसेरा, जेल रोड़, दीनदयालनगर, टप्पा तहसील, सैनिक पेट्रोल पम्प, सिंचाई कॉलोनी, रोशनीघर, मोतीमहल, कैलाशनगर, गाँधी मार्केट, ढोलीबुआ का पुल, सिंधी कॉलोनी, आमखो, महाराज बाड़ा, औषधालय, जीवाजीगंज, गोरखी टंकी, खुरैरी, पुरानी छावनी, अजयपुर, पुरासानी एवं कैंटूमेंट क्षेत्र शामिल हैं।
