एक ही घर पहले नंनद की डोली और भाभी की अर्थी उठी, करंट से हुई भाभी की मौत
ग्वालियर. सोमवार की रात दिल दहला देने वाली घटना घटित हुई है। घर के दरवाजे से शादी के बाद नंनद की विदाई हो रही थी तो दूसरी ओर घर के दूसरे दरवाजे से उसकी भाभी की अर्थी उठ रही थी। नंनद की शादी की तैयारियों में लगी भाभी बिजली के खम्भे की चपेट में आई और करंट लग गया। तड़पते हुए उसने वहीं दम तोड़ दिया। चंद मिनट में शादी की खुशियां मातम में बदल गयीं।
क्या है पूरा मामला
माधवगंज थाना क्षेत्र के सात भाई की गोठ निवासी 31 वर्षीय अजयपाल पुत्र गोविन्दपाल नगर निगम में कर्मचारी है। सोमवार को उनकी चचेरी बहन मनाली की शादी थी। कोरोना संक्रमण के चलते मैरिज गार्डन व होटलों से शादी प्रतिबंधित थी, इसलिए वह घर से ही सीमित संख्या में शादी का कार्यक्रम कर रहे थे। शादी में सभी काम की जिम्मेदारी अजय की 28 वर्षीय पत्नी रेणु पर थी।सोमवार की दोपहर शादी की कुछ रस्में पूरी होने के बाद रेणु पास ही अपने दूसरे घर जाने लगीं। गली में टेंट लगा था इसलिए वह पीछे से निकलकर जा रही थीं। यहीं एक पोल से करंट का तार टच हो रहा था। पोल पर हाथ रखते ही वह करंट की चपेट में आ गईं। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गईं। मामले का पता चलते ही परिजन तथा अन्य रिश्तेदार उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों के इलाज शुरू करने से पहले ही रेणु ने तड़पते हुए दम तोड़ दिया। हादसे का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया।
मृतका के 3 बच्चे
रेणू के 3 बच्चे हैं। सभी बच्चे छोटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा देवपाल 10 साल, उससे छोटी बेटी मानसी 8 वर्ष और सबसे छोटी बेटी नैनसी महज 4 साल की है। रेणू के बारे में बताया गया है कि वह काफी मिलनसार व हंसमुख थी और उसके व्यवहार की वजह से हर कोई उससे काफी खुश रहता था जिसने भी उसकी मौत की खबर सुनी तो वह स्तब्ध रह गया।
