ग्वालियर आएंगे राज्यपाल मंगुभाई पटेल, कृषि एवं संगीत विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में करेंगे शिरकत
ग्वालियर. राज्यपाल मंगुभाई पटेल 15 अक्टूबर को ग्वालियर के दो दिवसीय प्रवास पर पधारेंगे। ग्वालियर प्रवास के दौरान राज्यपाल श्री पटेल राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय एवं राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोहों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल मंगुभाई पटेल 15 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे वायु मार्ग से राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल महाराजपुरा पहुंचेंगे। यहां से व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार जायेंगे। राज्यपाल इस दिन अपरान्ह 3.15 बजे कृषि महाविद्यालय में सेंट्रल प्रोसेसिंग लाइन का उदघाटन करेंगे। इसके बाद अपरान्ह 3.45 बजे राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में पहुंचकर विश्वविद्यालय के 12वे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के पश्चात व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार पहुंचकर विश्राम करेंगे।
संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में लेंगे भाग
राज्यपाल 16 अक्टूबर को प्रात: 11 बजे राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के 7वे दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे। यह दीक्षांत समारोह राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद राज्यपाल दोपहर 1 बजे व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार पहुंचेंगे।
