10 दिन पहले खरीदी स्कॉर्पियो में लगी आग, कार में सवार दोनों भाईयों कूदकर बचाई जान
ग्वालियर. शहर से 40 किमी दूर घाटीगांव थाना इलाके में बुधवार की सुबह नेशनल हाइवे पर चलती 10 दिन पहले खरीदी गयी स्कॉर्पियो में अचानक आग के गोले में बदल गयी। बिहार शरीफ निवासी रूद्रराज सिंह अपने भाई के साथ भोपाल से दिल्ली जा रहे थे। सिमरिया तिराहे के पास पहुंचते ही कार के इंजन से अचानक काला धुआं उठने लगा। रूद्रराज सिंह ने तत्काल गाड़ी सड़क किनारे रोकी और दोनों भाई कार से आवश्यक सामान और दस्तावेज निकाल ही रहे थे उसी बीच इंजन में जबरदस्त विस्फोट हुआ। देखते ही देखत ही पूरी गाड़ी आग की लपटों से घिर गयी। दोनों भाईयों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई।
हाईवे पर मची अफरा-तफरी
चलती सड़क पर कार को आग की लपटों में घिरा देखकर हाईवे से गुजर रहे वाहन रुक गए। मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर फायर फाइटर गजेंद्र सिंह, ओमप्रताप शर्मा, अर्पित यादव और चालक हरविलास यादव दमकल वाहन के साथ पहुंचे। दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह इंजन में शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। गनीमत रही कि दोनों भाइयों ने समय रहते धुआं देखकर कार रोक दी और बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
