ग्वालियर की एजी ऑफिस रोड चौड़ी होगी, इसी सप्ताह शुरू होगा काम; झांसी रोड थाने के पास निर्माण का इंतजार

ग्वालियर. एजी ऑफिस से विवेकानंद चौराहा तक सडक के बाई ओर करीब 12 फीट चौडीकरण का काम इस सप्ताह शुरू होगा। लोक निर्माण विभाग पीडब्ल्यूडी के भोपाल स्थित मुख्यालय से इसके लिए सक्षम स्वीकृति मिल गई है। माधव नगर की ओर व्हाइट टॉपिंग का काम नहीं होगा क्योंकि यह सडक अभी नगर निगम गारंटी पीरियड में है। इस मद में बची राशि से चौडीकरण किया जाएगा।
निर्माण शुरू होने पर जगह कम पाई गई
पीडब्ल्यूडी के तत्कालीन अधिकारियों ने व्हाइट टापिंग सडक का एस्टीमेट बनाते समय कागजों में ही चौडाई का हिसाब तय किया था। निर्माण शुरू होने पर मौके पर करीब तीन से चार फीट जगह कम पाई गई। कई स्थानों पर यह कमी 6 फीट से भी अधिक है। इस कमी को पूरा करने के लिए माधव नगर की ओर नगर निगम के गारंटी पीरियड वाली सडक को एस्टीमेट से अलग रखा गया जिससे विभाग के पास राशि बची। इसी राशि से चौडीकरण की स्वीकृति मांगी गई थी।
नाका चंद्रवदनी से विक्की फैक्ट्री के बीच झांसी रोड थाने के सामने 350 मीटर सडक का काम काम्पैक्शन रिपोर्ट नहीं आने से रूका हुआ है। नगर निगम ने अपनी ओर से काम्पैक्शन की ओके रिपोर्ट पीडब्ल्यूडी को दी थी लेकिन ठेकेदार ने विभाग से अपनी ओर से रिपोर्ट देने को कहा है। यह रिपोर्ट सोमवार को मिलने की उम्मीद है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर ही निर्माण शुरू कराया जाएगा।
सडक का निर्माण 16 करोड रुपये की लागत से होना है। एजी ऑफिस पुल ने नाका चंद्रवदनी होते हुए विक्की फैक्ट्री तक साढे चार किमी लंबी सडक तैयार की जा रही है। तकनीकी समस्याओं के चलते कई महीनों से काम अटका है। इससे रोज सैकडों वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। एजी पुल की ओर सडक का स्तर ऊंचा-नीचा होने से हादसे की आशंका बनी रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *