ग्वालियर निगम परिषद में हंगामा, शोर से सभापति ने बंद किए कान; बैठक 30 नवंबर तक स्थगित
ग्वालियर. सभापति मनोज तोमर के निर्देश के बावजूद परिषद के पटल पर लेखा शाखा और 15वें वित्त आयोग के कार्यें की मूल नस्तियां न पहुंचने पर पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। नगर निगम के अधिकारियों को 6 महीने के आय-व्यय पत्रक और दो साल की जानकारी देनी थी लेकिन उन्होंने सिर्फ 6 महीने के आय-व्यय की जानकारी घुमा-फिराकर भेज दी।
पार्षदों ने आपत्ति जताई
इस पर पार्षदों ने आपत्ति जताई और कहा कि बिना जानकारी के चर्चा कैसे हो सकती है। हालांकि सभापति ने अगली बैठक में जानकारी मंगाने का आश्वासन दिया लेकिन पार्षद टस से मस नहीं हुए। पार्षदों का कहना है कि परिषद को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया जाए और अफसरों के खिलाफ शासन को पत्र लिखा जाए। आखिर में सभापति ने बैठक को 30 नवंबर तक के लिए स्थगित कर दिया।
पार्षद बोले 70 करोड के कर्ज में है निगम
बैठक में पार्षद मोहित जाट ने कहा कि नगर निगम 70 करोड के कर्जे में है। पहले यह कर्जा 100 करोड का था लेकिन 30 करोड जमा कर दिए गए। यह कर्जा कैसे हुआ इसकी जांच कराई जाए। किसके कार्यकाल में किन ठेकेदारों को भुगतान हुआ इसकी जांच कराएं। वार्ड 24 के पार्षद नागेंद्र राणा ने कहा कि जब जानकारी चाहिए तो पूरी ही मंगाई जाए। कितना पैसा आया कहां-कहां खर्च हुआ। किस योजना में किस ठेकेदार से कितना काम कराया-कितना भुगतान हुआ। वहीं पार्षद भगवान सिंह कुशवाह ने कहा कि मैंने आयुक्त को बेला था कि सडक खुदी पडी है तो उन्होंने बोला कि हमारे ऊपर 90 करोड की देन-दारी है। जब तक यह भुगतान नहीं हो जाता हम कोई नई सडक नहीं बनाएंगे, फिर चाहे कोई गड्ढे से निकले या गिट्टियों से।
हंगामा इतना कि सभापति ने बंद किए कान
परिषद की बैठक में पार्षदों ने इतना हंगामा किया कि सभापति को दोनों हाथों से अपने कान बंद करने पडे। बैठक के दौरान नेता प्रतिपक्ष हरिपाल, पार्षद अनिल सांखला, ब्रजेश श्रीवास, मोहित जाट, जितेंद्र मुदगल, विवेक त्रिपाठी ने आसंदी का घेराव कर दिया। वे अपनी-अपनी बात कह रहे थे, उनकी तेज आवाजों के कारण सभापति ने दोनों हाथों से अपने कान बंद कर लिए। वहीं बाद में उन्होंने एजेंडा समाप्त करने और धारा 36 का प्रयोग कर जितेंद्र मुदगल को सदन ेस बाहर करने की भी चेतावनी दी।
