झांसी रोड पर अब कम्पैक्शन फेल, चेतकपुरी में बदनामी करा चुकी कंपनी से कराया काम
ग्वालियर- हाईकोर्ट की सख्ती के बाद एजी ऑफिस पुल से विक्की फैक्ट्री तिराहा (झांसी रोड) तक हो रहे व्हाइट टॉपिंग निर्माण में अब कम्पैक्शन के सैंपल भी फेल हो गए हैं। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की जांच में सामने आया कि निगम के ठेकेदार जैन एंड राय कंस्ट्रक्शन कंपनी ने घटिया कम्पैक्शन कराया है। ऐसे में सड़क बनने के बाद भी चेतकपुरी रोड की तरह धंसने का खतरा है। जांच टीम ने कई स्थानों से सैंपल लिए। जांच में जमीन का कम्पैक्शन मानकों के अनुरूप नहीं मिला। इस पर पीडब्ल्यूडी ने निगम को पत्र भेजकर 3 दिन में ठेकेदार से मजबूत कम्पैक्शन कराकर रिपोर्ट देने को कहा है। ऐसा न होने पर पीडब्ल्यूडी अपने ठेकेदार से काम कराएगा, जिसका खर्च निगम को उठाना होगा। इस सड़क के हाईकोर्ट की टीम ने सैंपल जांच में फेल हो चुके हैं। कम्पैक्शन को लेकर विवाद 2025 से चल रहा है, लेकिन समाधान अब तक नहीं निकला।
विभागीय खींचतान में सालभर से 1 लाख से ज्यादा वाहन चालक परेशान
निर्माण के कुछ समय बाद ही कई जगह से धंसकने वाली चेतकपुरी रोड के कारण ग्वालियर की इज्जत दुनियाभर में सुरंग वाली सड़क के रूप में उतरी। इस सड़क का कम्पैक्शन जैन एंड राय कंस्ट्रक्शन कंपनी ने किया था। भोपाल की टीमों ने जांच में घटिया कम्पैक्शन को सड़क की बदहाली का कारण माना। इसके बाद भी निगम ने झांसी रोड पर सीवर लाइन का काम इसी कंपनी को दिया। कंपनी ने घटिया कम्पैक्शन जांच में उजागर हो गया। सवाल यह है कि चेतकपुरी सड़क में कंपनी की पोल खुलने के बाद भी उसे दोबारा काम क्यों दिया गया और अब तक उस पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
जांच में कम्पैक्शन फेल:
“झांसी रोड के कम्पैक्शन की रिपोर्ट निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है। इसलिए निगम को 3 दिन में कम्पैक्शन कराने के लिए कहा है। यदि ऐसा नहीं होता है तो पीडब्ल्यूडी ठेकेदार से कम्पैक्शन कराने का खर्च निगम से लेंगे।”
राकेश उपाध्याय, कार्यपालन यंत्री/पीडब्ल्यूडी
• सड़क निर्माण में मदद करेंगे: “झांसी रोड सड़क निर्माण के लिए लोनिवि को जो भी मदद की जरूरत होगी। वह हम करेंगे, जिससे सड़क का निर्माण जल्द हो सके।”
शिशिर श्रीवास्तव, नोडल अधिकारी निगम
सैंपलिंग की जानकारी नहीं: “निगम ने डेढ़ साल पहले एनएबीएल से जांच कराई थी। अभी कम्पैक्शन रिपोर्ट के संबंध में जानकारी नहीं है।”
महेंद्र प्रसाद अग्रवाल, कार्यपालन यंत्री ननि
