ग्वालियर मेले में 22 दिन बाकी, अब तक दुकानें तय नहीं; ठेकों का हिसाब भी अधूरा
ग्वालियर. तारीख घोषित हो चुकी है ग्वालियर मेले की, कैलेंडर में मेला शुरू होने का दिन भी तय है लेकिन मैदान की तस्वीर देखकर नहीं लगता कि ग्वालियर व्यापार मेला 15 दिसंबर से शुरू हो पाएगा। माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला को लेकर प्राधिकरण ने 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक आयोजन का ऐलान तो कर दिया लेकिन तैयारियांअब भी कागजों और टेंडर प्रक्रिया के बीच उलझी हुई है। मैदान में कहीं झाडियां उगी है तो कहीं दुकानों का इंतजार है। अनारक्षित दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया तक शुरू नहीं हो सकी है और कई जरूरी ठेकों की प्रक्रिया भी अधूरी है। सबसे बडा सवाल है कि जब मेले की शुरूआत में महज 22 दिन बचे है तब क्या इतने कम समय में पूरा मैदान तैरूार हो पाएगा।
2400 दुकानों में से 1930 का ही आवंटन
ग्वालियर व्यापार मेले में करीब 2400 दुकानें है लेकिन अब तक 1930 दुकानों का ही आवंटन हो पाया है। अनारक्षित दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया अभी शुरू तक नहीं हुई है। यानी जिन व्यापारियों को दुकानें मिलनी है उनके सामने भी असमंजस बना हुआ है। सवालयह है कि जब आवंटन की प्रक्रिया ही पूरी नहीं हुई तो व्यापारी दुकानें तैयार कर कारोबार कब शुरू करेंगे।
10 दिसंबर की डेडलाइन
प्राधिकरण ने दुकानदारों को साफ संदेश दिया है। 10 दिसंबर तक दुकानें नहीं लगाने वाले दुकानदारों का आवंटन निरस्त किया जाएगा। इसका उद्देश्य खाली पडी दुकानों को लेकर सख्ती करना है लेकिन दूसरी ओर जिन दुकानों का आवंटन ही अभी नहीं हुआ उनके लिए समय पर तैयारी करना भी बडी चुनौती होगी।
