10 वर्षीय बालिका पिता की डांट से लापता हुई आगरा के बालिका गृह में मिली, पुलिस ने 300 सीसीटीवी फुटेज तलाशे

ग्वालियर. पिता की डांट फटकार से नाराज होकर घर छोड़कर गयी 10 वर्षीय बच्ची 7 दिन के बाद आगरा में सुरक्षित मिल गई है। बच्ची ने बिना पूछे घर में रखे 200 रूपये खर्च कर दिये थे। इस बात पर पिता ने उसे डांटने के साथ मारपीट भी की थी। इससे आहत होकर वह चुपचाप घर से निकल गयी थी। पुरानी छावनी थाना पुलिस की 14 सदस्यीय टीम ने एक सप्ताह तक 3 प्रदेशों में तलाश के बाद मंगलवार की रात 11 बजे आगरा के बालिका गृह में उसे खोज लिया।
300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज तलाशे
बच्ची की तलाश के लिये पुलिस ने 14 सदस्यीय विशेष टीम बनाई थी। टीम ने सबसे पहले ऋतुराज होटल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज तलाशे। इसके बाद मुरैना, जौरा, सबलगढ़ और श्योपुर रोड से धौलपुर होते हुए आगरा तक जाने वाले संभावित रास्तों के 300 से अधिक कैमरों की जांच की। पुलिस ने बसों के ड्राइवर-कंडक्टर और राहगीरों को बच्ची की तस्वीर दिखाकर की पूछताछ की है।
मंगलवार रात 11 बजे बालिका गृह पहुंची पुलिस टीम
सूचना मिलने के बाद ग्वालियर पुलिस की टीम मंगलवार रात करीब 11 बजे आगरा के बालिका गृह पहुंची। यहां बच्ची के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई। पुरानी छावनी टीआई संतोष यादव के मुताबिक, बच्ची को वापस लाने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। बुधवार को पुलिस टीम उसे लेकर ग्वालियर पहुंचेगी।
पुलिस ने मध्य प्रदेश के अलावा राजस्थान और उत्तर प्रदेश की पुलिस को भी बच्ची की गुमशुदगी की जानकारी भेजी थी। धौलपुर और आगरा के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख बाजारों में बच्ची की तस्वीर वाले पोस्टर चिपकाए गए। इसी दौरान मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आगरा में भटकती मिली बच्ची को एक जागरूक राहगीर सुरक्षित बालिका गृह पहुंचा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *