बिना नंबर की कार के चालक ने पहले नदी गेट पर एक स्कूटर सवार को टक्कर मारी
ग्वालियर. शहर में बिना नंबर की सफेद कार के चालक ने पहले नदी गेट पर एक स्कूटर सवार को टक्कर मारी और फिर भागते हुए रास्ते में ऑटो और एक्टिवा को भी अपनी चपेट में ले लिया। हर तो तब हो गई जब पीछा कर रहे घायल युवक पर भी उसने गाडी चढाने की कोशिश की। आखिरकार लोगों ने पीछा कर चेतकपुरी पर आरोपी को कार सहित दबोच लिया और थाने ले आए। घटना सोमवार शाम 4 बजे की है। रात 9 बजे एक शिकायतकर्ता सामने आने के बाद इंदरगंज थाना में मामला दर्ज किया है।

क्या है पूरा मामला
झांसी रोड थाना क्षेत्र के ग्राम सिकरोदी निवासी संतोष जाटव को शाम 4 बजे अपने चेतक स्कूटर से शिंदे की छावनी से घर लौट रहे थे। नदी गेट स्थित बुलेट शोरूम के पास फूलबाग की तरफ से आ रही बिना नंबर की सफेद कार ने उनके स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में संतोष सडक पर गिर पउे। उनके दाहिने हाथ और पैर में चोट आई। टक्कर के बाद चालक कार लेकर महल की तरफ भागा। इस दौरान उसने रास्ते में एक ऑटो और दूसरी एक्टिवा को भी टक्कर मार दी। घायल होने के बावजूद संतोष ने स्कूटर से कार का पीछा शुरू कर दिया। यह देखकर आरोपी चालक ने कार तेजी से उनकी तरफ मोड दी। संतोष ने फर्ती दिखाते हुए स्कूटर साइड में किया और अपनी जान बचाई। इसके बाद इंदरगंज की तरफ भागते हुए कार ने बिजली घर के गेट के पास सोनू कुशवाह की एक्टिवा को भी टक्कर मार दी। हादसे में सोनू के दाहिने हाथ और पैर में चोट आई।
चेतकपुरी में लोगों ने घेरकर पकडा
लगातार हादसों के बाद संतोष, सोनू और अन्य स्थानीय लोगों ने कार का पीछा किया। चेतकपुरी चौराहे पर घेराबंदी कर चालक को कार सहित पकड लिया और इंदरगंज थाने ले आए। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुंदरम पाल पुत्र मुकेश पाल निवासी ग्राम ग्यारई, दतिया बताया। उसने बताया कि कार उसके भाई सौरव बघेल के नाम पर है। इंदरगंज थाना पुलिस ने पीडितों की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार जब्त कर ली है।
