DGP मकवाना को 3 महीने का एक्सटेंशन देने की तैयारी
भोपाल. मध्यप्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाना को तीन महीने का सेवा विस्तार देने की तैयारी है। राज्य सरकार ने इस संबंध में केंद्र सरकार को आधिकारिक पत्र भेज दिया है। हालांकि, एक्सटेंशन को लेकर केंद्र की औपचारिक मंजूरी और शासनादेश का इंतजार है। मकवाना 30 नवंबर को रिटायर होने वाले हैं। उन्हें तीन महीने का एक्सटेंशन मिलता है तो प्रदेश में नए डीजीपी की नियुक्ति फिलहाल टल सकती है। खास बात यह है कि नए डीजीपी के चयन की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। 20 नवंबर को दिल्ली में हुई यूपीएससी की एम्पैनलमेंट कमेटी की बैठक में तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों का पैनल तैयार किया गया था।
UPSC पैनल में ये तीन नाम को भेजा
नए डीजीपी के चयन के लिए राज्य सरकार ने वरिष्ठता के आधार पर 12 आईपीएस अधिकारियों के नाम यूपीएससी को भेजे थे। इनमें विशेष डीजी जी. अखेतो सेमा ने व्यक्तिगत कारणों से चयन प्रक्रिया से अपना नाम वापस लेने के लिए सरकार को पत्र लिखा था। इसके बाद 11 अधिकारियों के नामों पर विचार किया गया। 20 नवंबर को दिल्ली में हुई यूपीएससी की बैठक में 1991 बैच के तीन आईपीएस अधिकारियों वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नामों का पैनल तैयार किया गया। इस पैनल के आधार पर राज्य सरकार को नए डीजीपी का चयन करना था।
