जीवाजी विश्वविद्यालय के संस्कृति एवं पुरातत्व अध्ययनशाला में ‘विश्व धरोहर सप्ताह’ का आयोजन


ग्वालियर, जीवाजी विश्वविद्यालय,के प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व अध्ययनशाला द्वारा ‘विश्व धरोहर सप्ताह’ के उपलक्ष्य में विभाग के संग्रहालय में ‘मेरा शहर, मेरी विरासत’ शीर्षक से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के भीतर अपनी अमूल्य ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के प्रति जागरूकता और संरक्षण का भाव जागृत करना था। अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ. शांतिदेव सिसौदिया ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने भारतीय संस्कृति और ऐतिहासिक स्मारकों के संवर्धन में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को अत्यंत आवश्यक बताया।
समारोह में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI), ग्वालियर दुर्ग संग्रहालय के सहायक अधीक्षक पुरातत्वविद मुख्य अतिथि डॉ. शशिकान्त राठौर में उपस्थित रहे। डॉ. राठौर ने पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक स्थलों के वैज्ञानिक संरक्षण तथा उनके उचित रख-रखाव पर गहन विचार प्रस्तुत किए। ग्वालियर दुर्ग एवं अन्य ऐतिहासिक धरोहरों के आसपास हो रहे अतिक्रमण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारी ये धरोहरें हमारे भारतवर्ष की पहचान हैं जो हमारे सांस्कृतिक मूल्यों को संरक्षित किए हुए हैं इसलिए हम सभी भारतीय नागरिकों की नैतिक ज़िम्मेदारी है कि इन धरोहरों को अतिक्रमण से मुक्त कराने में प्रशासन का सहयोग करें l उन्होंने प्रबुद्ध नागरिकों और विद्यार्थियों से अपील की कि यदि धरोहरों को क्षति पहुँचाने या अतिक्रमण की कोई भी घटना संज्ञान में आए, तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग को अवश्य दें। उनके ओजस्वी व्याख्यान ने शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण हेतु समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विभाग के पूर्व छात्र डॉ. राजेश गुप्ता भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने ऐतिहासिक धरोहरों के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए उनके अस्तित्व को भावी पीढ़ियों के लिए अक्षुण्ण रखने पर बल दिया।अध्ययनशाला द्वारा भाषण प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग, वीडियोग्राफी एवं प्रदर्शनी जैसी विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने अत्यंत उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में शिवी चौधरी ने प्रथम, नायाब अली ने द्वितीय तथा अनुज टैगोर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया वीडियोग्राफी प्रतियोगिता में नायाब अली ने प्रथम, राज शर्मा एवं अभिषेक ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा राजेश्वरी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
भाषण प्रतियोगिता में अंकित राठौर ने प्रथम, अनीश्वी शर्मा ने द्वितीय एवं काजल जायसवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया l डॉ अमिता खरे ने आभार व्यक्त किया एवं मुस्कान गुर्जर ने कार्यक्रम का संचालन किया l इस अवसर पर शोधार्थियों में सामीन खान, वैशाली गुर्जर, तमन्ना शर्मा, प्रिया सुमन, राहुल बरैया एवं आकाश शर्मा तथा विद्यार्थियों में मनु तिवारी, मुस्कान गुर्जर, अंकित राठौर, सोनिया वर्मा, युवराज सिंह, अनुज, अंशवी, काजल जायसवाल आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन सत्र में विभागाध्यक्ष डॉ. शांतिदेव सिसौदिया ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, प्राध्यापकों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम के सफल संचालन पर आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *