नारकोटिक्स के संगठित नेटवर्क, तस्करी मार्गों एवं ड्रग्स हॉटस्पॉट की पहचान कर कार्रवाई करें : डीजीपी
भोपाल, मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने, संगठित नेटवर्क के विरुद्ध कार्रवाई तथा प्रदेश में नारकोटिक्स नियंत्रण की रणनीति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने आज पुलिस मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में राज्य स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय संबंधी बैठक ली। बैठक में डीजीपी ने संबंधित अधिकारियों को मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध प्रभावी, समन्वित एवं लक्ष्य आधारित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मादक पदार्थों के निर्माण में प्रयुक्त केमिकल्स के अवैध डायवर्जन एवं दुरुपयोग पर प्रभावी निगरानी रखने और ऐसी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों एवं संस्थाओं के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय मजबूत करने, खुफिया सूचनाओं का समयबद्ध आदान-प्रदान सुनिश्चित करने तथा संयुक्त कार्रवाई को बढ़ावा देने पर जोर दिया। MAC प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग कर रियल टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग के माध्यम से सूचनाओं का त्वरित विश्लेषण और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विशेष पुलिस महानिदेशक रेल राजाबाबू सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नारकोटिक्स डी श्रीनिवास वर्मा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुप्तवार्ता अंशुमान यादव, प्रधान अतिरिक्त महानिदेशक डीआरआई इंदौर मो. शमशाद आलम, संयुक्त निदेशक एसआईबी. भोपाल अमृता दास सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।
