ग्वालियर में 12 अक्टूबर को अमित शाह-सीएम मोहन यादव टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन का करेंगे भूमिपूजन

ग्वालियर. ग्वालियर के साडा क्षेत्र में प्रस्तावित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के भूमिपूजन समारोह की तैयारियां जिला प्रशासन और राज्य सरकार ने तेज कर दी हैं। 12 अक्टूबर को मेला ग्राउंड में होने वाले समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री मोहन यादव के शामिल होने का प्रस्ताव है। आयोजन की मेजबानी साडा के साथ मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम को सौंपी गई है।


5 अक्टूबर तक आयोजन की जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी
मेगा इवेंट के लिए पर्यटन विभाग ने इवेंट मैनेजमेंट एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग के पैनल में शामिल 12 एजेंसियों में से एक का चयन कर 5 अक्टूबर तक आयोजन की जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी है। एजेंसी को आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं से लेकर तकनीकी और अन्य इंतजाम संभालने होंगे।
मेला ग्राउंड में 18 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में डोम तैयार किया जाएगा
मेला ग्राउंड में करीब 60 मीटर चौडा और 300 मीटर लंबा, यानी लगभग 18 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में मुख्य जर्मन हैंगर डोम तैयार किया जाएगा। डोम के भीतर अमित शाह और मुख्यमंत्री की व्यक्तिगत बैठकों व ब्रीफिंग के लिए विशेष वन-टू-वन रूम बनाया जाएगा। मुख्य सभागार में 425 वीआईपी और 2575 सामान्य अतिथियों यानी 3 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। मुख्य डोम के अलावा दोनों ओर अतिरिक्त हैंगर भी लगाए जाएंगे। एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम, सुरक्षा प्रकाश, आपातकालीन निकास और फायर सेफ्टी उपकरणों की व्यवस्था भी की जाएगी।
2 हजार जवान-अफसर संभालेंगे सुरक्षा
अमित शाह और मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को लेकर बैठकें शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम में करीब 2 हजार पुलिस जवान, अधिकारी और अन्य कर्मचारी तैनात किए जाने की योजना है। पुलिस अधिकारी एयरपोर्ट से मेला ग्राउंड तक सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का खाका तैयार कर रहे हैं। वीआईपी मूवमेंट के दौरान रूट, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *