रविवार को खुले बैंक, 3 दिन हड़ताल; ATM-UPI सेवाएं रहेंगी जारी
नई दिल्ली. बैंक से जुडा आपका कोई काम अगर पेंडिंग है तो उसे आज ही निपटा लें, रविवार की छुट्टी होने के बावजूद आज सरकारी बैंक खुले है। कल से बुधवार तक बैंक बंद रहेंगे। बैंक कर्मचारी हफ्ते में 2 दिन छुट्टी की मांग को लेकर अगले 3 दिन हडताल पर रहेंगे। रविवार को बैंक खुलने का मौका 10 साल बाद आया है। इससे पहले 2016 में नोटबंदी के बाद 14 नवंबर को रविवार के दिन बैंक खुले थे। तब पुराने 500 और 1000 के नोट बदलने, जमा करने और कैश निकालने के लिए लोग बैंकों में लाइन में लगे थे। भीड संभालने के लिए सरकार ने रविवार को भी बैंक खोलने का फैसला लिया था।
एटीएम से कैश निकालने पर कोई चार्ज नहीं लगेगा
बैंक हडताल के दौरान एसबीआई और पीएनबी सहित सभी सरकारी बैंकों के एटीएम से मंथली फ्री लिमिट खत्म होने के बाद भी कैश निकालने पर कोई चार्ज नहीं लगेगा। आरबीआई के नियमों के अनुसार अभी अपने बैंक के एटीएम से हर महीने 5 बार फ्री में कैश निकाल सकते है। दूसरे बैंक के एटीएम से दिल्ली, मुंबई जैसे मेट्रो शहरों में महीने में 3 बार और छोटे शहरों में 5 बार फ्री ट्रांजेक्शन की लिमिट है।
हडताल पर अडीं यूनियनें
वित्तीय सेवा विभाग, इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और बैंक प्रबंधन की हडताल टालने अपील को यूनियनों ने ठुकरा दिया है। हडताल में देश की 7 बडीं बैंक यूनियनें शामिल होंगी जिनसे लगभग 90 प्रतिशत से ज्यादा बैंक कर्मचारी जुडे है। यूनियन्स का कहना है कि जब तक सरकार हफ्ते में 5-डें वर्किंग लागू करने की कोई पक्की तारीख तय नहीं कर देती तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
