उत्तरप्रदेश में बाढ़ से 13 की मौत, छत्तीसगढ़ में नदियां है उफान पर, अर्नब चक्रवात से 14 राज्यों में हाहाकार
नई दिल्ली. ‘‘अर्नब चक्रवात’’ से यूपी, बिहार सहित 8 राज्यों में तेज वर्षा हो रही है। बंगाल की खाड़ी में बना मौसम सिस्टम अब दक्षिण छत्तीसगढ़ से उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है। इसके चलते राजस्थान, मध्यप्रदेश सहित 14 राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ में अभी इसका सबसे अधिक कहर देखने को मिल रहा है।
रायपुर में लगातार वर्षा से नदीन्-नाले उफान पर है। महादेवघाट पर खारून नदी का पुल पूरी तरह पानी में डूब गया है। पिछले 24 घंटे से जारी मूसलाधार वर्षा के बाद नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। पुल के आसपास पानी भरने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। गरियाबंद में पिछले 24 घंटों से हो रही भारी वर्षा ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जिले की 3 प्रमुख नदियां पेटी, सीवर, महानदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, तो वहीं छोटे नाले भी उफान पर है।
आपको बता दें बंगाल की खाड़ी से उठा अर्नब चक्रवात भले ही अब कमजोर पड़ गयाहो। लेकिन इसकी वजह से पूर्वी भारत के कई प्रदेशों में जमकर वर्षा हो रही है। यहां तक कि इस चक्रवात की वजह से यूपी के कई जिलों में वर्षा हो रही है। तेज हवाओं के साथ बारिश होने की वजह से फसलें भी खराब हो गयी है। छत्तीसगढ़, आंध्रप्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में अभी और वर्षा की चेतावनी है। सुकुमा के कोंटा में शबरी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। वार्निंग लेवल तक पहुंच चुका है। नदी का पानी इसी रफ्तार से बढ़ता रहा तो हालात और गंभीर हो सकते है। एहतियातन नदी किनारे बसे गांवों में प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गयी है। सुकमा को ओडिशा से जोड़ने वाले रास्ते पर भी वर्षा का असर साफ देखा जा सकता है। झापर पुल के ऊपर से पानी बह रहा है।
