छात्राओं ने रंगों व कूची से उकेरी “मेरे सपनों के भारत” की तस्वीर

ग्वालियर, -गुरुवार को शासकीय महिला पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, ग्वालियर में “मेरे सपनों का भारत” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 80 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंगों व कूची के माध्यम से अपने सपनों के भारत की सुंदर तस्वीर उकेरी।
छात्राओं को प्रतियोगिता के लिए आवश्यक सामग्री संस्था की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। प्रतिभागियों ने स्वच्छ भारत, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री जनधन योजना, उज्ज्वला योजना तथा विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों को अपने चित्रों में जीवंत किया। इन चित्रों में देश के उज्ज्वल भविष्य की झलक साफ दिखाई दी।
प्रतियोगिता का शुभारंभ संस्था के प्राचार्य डॉ. ए. ए. सिद्दीकी ने किया। इस अवसर पर डॉ. मधु, नोडल अधिकारी अनूप पहाड़िया, समन्वयक कु. भारती वर्मा एवं वीणा अनेजा उपस्थित रहे। निर्णायक की भूमिका कल्पना गोयल, रीना तोमर एवं शिवानी सक्सेना ने निभाई। अन्य स्टाफ सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत सरकारी एवं निजी विद्यालयों में “मेरे सपनों का भारत” विषय पर चित्रकला व निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता को मंच देने के साथ उनमें राष्ट्र निर्माण की भावना जगाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *