विंडसर हिल्स के एच ब्लॉक में गिरी दीवार, मलबे में दबकर बाइक और कार क्षतिग्रस्त
पेड़ काटने के कारण दीवार गिरने का आरोप, कॉलोनीवासियों में दहशत; पुलिस और नगर निगम पर कार्रवाई न करने के आरोप
ग्वालियर। विंडसर हिल्स कॉलोनी के एच ब्लॉक में सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे अचानक एक दीवार गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से एक बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ओपी मिश्रा की मारुति कार को भी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय निवासी श्याम कुशवाह ने बताया कि सनवेली की ओर पेड़ काटने की वजह से दीवार कमजोर होकर गिरने की आशंका है। दीवार के पीछे शनशाइन मैरिज गार्डन स्थित है। हादसे के बाद एच ब्लॉक के रहवासी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया।
दीवार गिरने के बाद उसका मलबा सड़क और आसपास के क्षेत्र में बिखर गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कॉलोनीवासियों का कहना है कि दीवार गिरने की घटना के बाद वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
एच ब्लॉक के रहवासियों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद अभी तक पुलिस और नगर निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। रहवासियों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर दीवार गिरने के कारणों की जांच कराने और मलबा हटाने के साथ सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है।
