ग्वालियर में बिजली कंपनी ने कब्जाई मेला प्राधिकरण की जमीन, जमीन खाली करने का नोटिस जारी
ग्वालियर. मेला प्राधिकरण की जमीन पर लंबे समय से बिजली कंपनी के सब स्टेशन और स्टोर संचालित किए जा रहे हैं। अब मेला प्राधिकरण ने अपनी जमीन वापस लेने की कवायद शुरू कर दी है। प्राधिकरण ने बिजली कंपनी को नोटिस जारी कर जमीन खाली करने या उसके उपयोग का किराया चुकाने के लिए कहा है। मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में प्राधिकरण आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। दस्तकारी हाट बाजार के सामने स्थित करीब एक लाख 40 हजार वर्ग फीट जमीन पर बिजली कंपनी लंबे समय से सब स्टेशन और स्टोर का संचालन कर रही है। मेला प्राधिकरण का कहना है कि यह जमीन उसकी है और इसका उपयोग बिजली कंपनी द्वारा किया जा रहा है।
5 करोड़ रुपए मांगा किराया
ऐसे में जमीन के उपयोग के एवज में किराया दिया जाना चाहिए। प्राधिकरण ने जमीन के लंबे समय से हो रहे उपयोग को देखते हुए करीब पांच करोड़ रुपए किराए का आकलन किया है। इस संबंध में बिजली कंपनी के साथ पत्राचार भी किया गया है। प्राधिकरण अब चाहता है कि जमीन का उपयोग उसकी अनुमति और नियमानुसार हो अथवा जमीन उसे वापस मिले।
खाली नहीं की तो कार्रवाई की तैयारी
नोटिस में जमीन खाली करने या उपयोग का किराया जमा करने को कहा गया है। यदि बिजली कंपनी की ओर से इस मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जाती है तो मेला प्राधिकरण सब स्टेशन और स्टोर को लेकर आगे की कार्रवाई कर सकता है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निर्णय प्राधिकरण स्तर पर लिया जाना है।
