विंडसर हिल्स के डुप्लेक्स में इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 100 करोड़ का सट्टा कारोबार उजागर
ग्वालियर. ग्वालियर पुलिस की साइबर क्राइम विंग ने ऑनलाइन गेमिंग, सट्टा के जरिये लोगों को ठगने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का राजफाश किया है। शहर के न्यू सिटी सेंटर में विंडसर हिल्स स्थित ड्यूप्लेक्स बी-20 से यह पूरा नेटवर्क चल रहा था। शनिवार रात करीब 12.30 बजे जब ग्वालियर पुलिस की टीम यहां पहुंची और पांच लोगों को पकड़ लिया। यह पांचों युवक ऑनलाइन गेमिंग, बैटिंग और सट्टे का नेटवर्क चला रहे थे। 100-पैनल वेबसाइट के जरिये ऑनलाइन सट्टा और गेमिंग का नेटवर्क चल रहा था। इस गिरोह के तार श्रीलंका और दुबई से जुड़ गए हैं। वेबसाइट यहीं के जरिये ऑपरेट हो रही थी। करीब दो माह से यह लोग ड्यूप्लेक्स में बाकायदा सट्टे और ऑनलाइन गेमिंग का कॉल सेंटर चला रहे थे। सालाना यह लोग करीब 100 करोड़ रुपये का लेनदेन कर रहे थे। ठगी करने के बाद रुपया आगे म्यूल खातों में भेज देते थे।
राउटर डिस्कनेक्ट होते ही व्हाट्स एप व टेलीग्राम पर कॉल
पूछताछ में पुलिस को आरोपियों के वाट्सएप के जरिये दुबई और श्रीलंका में बैठे सरगनाओं के सुराग मिले हैं। पुलिस ने यहां पहुंचते ही राउटर डिस्कनेक्ट कर दिया। इससे लाइन कट गई, तुरंत ही श्रीलंका में बैठे सरगना का वाट्स एप और टेलीग्राम एप पर कॉल आना शुरू हो गया।
यह आरोपी पकड़े
सोहित करेर (22 वर्ष) – निवासी मुरार, ग्वालियर।
दिनेश रायकवार (28 वर्ष) – निवासी दतिया।
शांतनु श्रीवास (20 वर्ष) – निवासी मुरार, ग्वालियर।
सुमित कुशवाह (26 वर्ष) – निवासी गोला का मंदिर, ग्वालियर।
दीपक आर्य (34 वर्ष) – निवासी मुरार, ग्वालियर।
यह सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में इलेक्ट्रानिक उपकरण जब्त किए हैं- 23 मोबाइल फोन और 37 सिम कार्ड, तीन लैपटॉप, 11 एटीएम कार्ड और बैंक पासबुक।
मकान मालिक भी जांच के दायरे में
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा के नेतृत्व में प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार, डीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार, मनीष यादव, क्राइम ब्रांच प्रभारी अमित शर्मा, एसआइ धर्मेंद्र शर्मा और उनकी टीम ने कार्रवाई की। ड्यूप्लेक्स मालिक भी जांच के दायरे में है।
