कॉम्बिंग गश्त-पुलिस को देख बदमाश बालकनी से कूंद कर भागा तो पुलिस ने दबोचा, 203 वांरटी गिरफ्तार

ग्वालियर. शुक्रवार-दरमियानी रात पूरे जिले में कॉम्बिंग गश्त कर 50 से अधिक पुलिस टीमों ने शहर और देहात के संवेदनशील इलाकों में दविश दी। इस बीच ग्वालियर देहात में एक स्थाई वांरटी पुलिस को देखकर बालकनी से कूदकर भागने लगा तो पहले से मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने रात भर चले कॉम्बिंग गश्त में 203 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें 104 स्थाई वारंट और 99 गिरफ्तारी वारंट तामील किये गये। इसके अलावा पुलिस ने 132 गुण्डों और 119 हिस्ट्रीशीटरों सहित 251 बदमाशों का घर-घर जाकर चेक किया। देहात इलाके में पुलिस टीम स्थाई वारंटी की तलाश में उसके ठिकाने पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी ने बचने के लिये बालकनी से छलांग लगा कर भागने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस टीम पहले से सतर्क थी घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया और थाने लाया गया।
होटल-लॉज से लेकर संदिग्ध वाहनों तक चेकिंग
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने बदमाशों के ठिकानों के साथ होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबे और बैंक एटीएम भी चेक किए। जेल से छूटे अपराधियों की भी निगरानी की गई। मुंह बांधकर दोपहिया वाहन चलाने वालों और संदिग्ध वाहनों की सघन तलाशी ली गई।जिला बदर आरोपियों को उनके घरों पर चेक कर आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी गई।
अभियान के दौरान शहर के इंदरगंज, सिरोल, मुरार, पुरानी छावनी, महाराजपुरा, यूनिवर्सिटी और ग्वालियर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के मामले दर्ज किए गए। देहात के डबरा सिटी, पिछोर, आंतरी, चीनोर और उटीला में भी कार्रवाई हुई। बहोड़ापुर, गिरवाई, यूनिवर्सिटी और बिजौली थाना क्षेत्र में अवैध हथियार के मामले दर्ज किए गए। कंपू और पुरानी छावनी में जुए पर कार्रवाई हुई। महाराजपुरा पुलिस ने गांजा जब्त कर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने खुद कॉम्बिंग गश्त की निगरानी की। उनके साथ एएसपी मध्य सुजावल जग्गा, एएसपी पूर्व डॉ. शिवेश सिंह बघेल, एएसपी ग्रामीण जयराज कुबेर समेत एसडीओपी, डीएसपी, सीएसपी और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मैदान में रहे। एसएसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान शहर की शांति और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वारंटियों और असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए कॉम्बिंग गश्त आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *