MP में मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव की अटकलें, CM ने हेमंत खंडेलवाल से बंद कमरे में की चर्चा
भोपाल. एमपी में लंबे अर्से से बीजेपी की प्रदेश सरकार और संगठन में बड़े बदलावों की अटकलें लगाई जा रहीं हैं। जहां मंत्रिमंडल में विस्तार किया जाना है वहीं बीजेपी में कुछ अहम पदों पर नियुक्तियां की जानी है। इसके लिए प्रदेश नेताओं का दिल्ली से लेकर भोपाल तक मेल मुलाकातों का दौर लगातार जारी है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात की। वे प्रदेशाध्यक्ष के आवास पर जाकर व्यक्तिगत रूप से मिले। बताया जा रहा है कि इस दौरान मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल और संगठन विषयक चर्चा हुई। बाद में सीएम मोहन यादव और हेमंत खंडेलवाल प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां सेवा संकल्प अभियान के संबंध में प्रेस वार्ता को संबोधित किया।
मुलाकात को रखा गुप्त
सीएम मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल इसके बाद साथ- साथ प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचे। हालांकि दोनों ने ही सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की फोटो और जानकारी साझा नहीं की।
इधर दिल्ली में भी मेल मुलाकातों का दौर तेज है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इसकी तस्वीर भी अपने सोशल मीडिया पर साझा की। वीडी शर्मा ने अपने एक्स हेंडल पर लिखा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से खजुराहो के विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा हुई।
दोनों डिप्टी सीएम ने काटे लोकभवन के चक्कर
इसके पहले डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल गुरुवार को एक दिन में दो बार लोक भवन पहुंचे थे। दोनों अलग-अलग गए थे। हालांकि इसे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के शपथ ग्रहण समारोह से जोड़ा जा रहा है। इसके बाद दोनों लंच पर मुख्यमंत्री निवास में आमंत्रित थे। सूत्रों के मुताबिक वहां से लौटने के बाद दोनों डिप्टी सीएम अलग-अलग पुन: लोक भवन पहुंचे। सबसे पहले डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने राज्यपाल से भेंट की। उसके बाद शाम करीब 5 बजे डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की थी। सूत्रों के मुताबिक इनकी दूसरी मुलाकात पूर्व से निर्धारित नहीं थी।
