ग्वालियर में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे की तैयारी तेज, 5 करोड़ में जमीन अधिग्रहित
ग्वालियर. दिल्ली-एनसीआर से ग्वालियर-चंबल अंचल की कनेक्टिविटी को रफ्तार देने के लिए तैयार हो रहे आगरा-ग्वालियर 6-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का काम अब तेजी पकड़ रहा है। प्रोजेक्ट के तहत ग्वालियर क्षेत्र में 5.23 करोड़ रुपए की लागत से जमीन का अधिग्रहण कर लिया है। 4600 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से बनने वाला यह 90 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेस-वे आगरा के इनर रिंग रोड से शुरू होकर ग्वालियर के सुसेरा बायपास पर खत्म होगा। इसके तैयार होते ही ग्वालियर से आगरा का सफर ढाई घंटे से घटकर महज सवा घंटे का रह जाएगा।
वाहन बिना किसी रुकावट के तेज और सुरक्षित गति से चल सकेंगे
एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कुल 549.0090 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की गई है। इसमें 87.0530 हेक्टेयर सरकारी और 458.7237 हेक्टेयर निजी भूमि शामिल है।
यह पूरी तरह से ‘एक्सेस कंट्रोल्ड’ एक्सप्रेस-वे होगा, जिससे वाहन बिना किसी रुकावट के तेज और सुरक्षित गति से चल सकेंगे। रास्ते में जगह-जगह इंटरचेंज, फ्लाईओवर, अंडरपास और सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा।
पर्यटक अब आसानी से ग्वालियर के ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंच सकेंगे
ग्वालियर, मुरैना, धौलपुर और आगरा के सीधे जुड़ने से मालढुलाई आसान होगी। भिंड, शिवपुरी और दतिया जैसे नजदीकी जिलों के किसानों व व्यापारियों को भी इसका सीधा फायदा मिलेगा। आगरा आने वाले विदेशी और घरेलू पर्यटक अब आसानी से ग्वालियर के ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंच सकेंगे। इससे स्थानीय होटल, ट्रांसपोर्ट और व्यापारिक गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी।
