वल्लभ, सतपुड़ा और विध्यांचल भवन में कर्मचारियों-अधिकारियों की हाजिरी पर सख्ती, GAD अधिकारियों ने चैक किये हाजिरी रजिस्टर
भोपाल. सीएम मोहन यादव के निर्देश के बाद सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) के अधिकारियों ने सुबह 10 बजे प्रमुख विभागों में पहुंचकर हाजिरी रजिस्टरों की जांच की है। अपर मुख्य सचिव (एसीएस) संजय शुक्ला ने सीनियर अधिकारियो के साथ विभागों में उपस्थिति की समीक्षा की है। यह जांच शुक्रवार को भी की जायेगी। सीएम के निर्देश पर सुबह 10-4 बजे तक अधिकारियों की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखी जायेगी और साथ ही इनकी कार्यालय में मौजूदगी संबंधी जानकारी शाम 6 बजे एकत्रित की जा रही है।
गुरूवार को हुई जांच से कई अधिकारी 10 बजे तक सीट पर नहीं मिले। जिससे शुरूआती फाइल प्रोसेसिंग प्रभावित हुई है। लंच के बाद ऑफिस से नदारद रहने वाले एसओ से लेकर एडिश्नल सेक्रेटरी तक की लिस्ट भेजी गयी है। यहां गौरतलब है कि वल्लभ भवन में 1600 कर्मचारी-अधिकारी है। इनमें 1200 मंत्रालय सेवा, 400 आउटसोर्स कर्मचारी है। इसी प्रकार सतपुड़ा भवन में 1700 कर्मचारी और अधिकारी और विंध्याचल भवन में 21 अधिकारी और कर्मचारी अपने कार्य को अंजाम देते हैं।
सीएम और सीएस के दौरे पर कर्मचारियों पर सख्ती
ऐसा बताया गया है कि सीएम मोहन यादव और सीएस अनुराग जैन वर्तमान में भोपाल से बाहर दौरे पर है। इसके बावजूद सीएम के निर्देश पर सीएम सचिवालय और सामान्य प्रशासन विभाग को सभी संबंधित कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति आने-जाने का समय और अनाधिकृत अनुपस्थिति की जानकारी एकत्र करने के लिये आदेश दिये गये है। सामान्य प्रशासन विभाग की टीमें तीनों भवनों में तैनात होकर स्थिति परउ नजर बनाये हुए है।
समय पालन पर मुख्यमंत्री का सख्त संदेश
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं और आम जनता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक सभी अधिकारी और कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने संदेश दिया है कि यदि समय पालन में कोताही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
राज्य सरकार का कहना है कि जनता की सुविधा और पारदर्शी प्रशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए सभी शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को पूर्ण जिम्मेदारी और समयबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा।शुक्रवार 27 फरवरी को प्रात: 10 से 10.30 के बीच मुख्य सचिव कार्यालय से भी सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव एवं सचिवों को दूरभाष पर संपर्क कर उनके कार्यालय के अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारियों के उपस्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की जायेगी।

