हॉस्टल की जमीन पर कब्जे करने के आरोप में चालक गिरफ्तार और जेसीबी जब्त
ग्वालियर भू-माफिया ने पिछड़ी जनजाति हॉस्टल की भूमि पर कब्जा करने की नियत से जेसीबी चलाकर बॉउंड्रीवॉल तोड़ दी। वहां जेसीबी से गड्डा खोद दिया गया है। गड्डे में बॉउंड्रीवॉल की सामग्री को पटकर कर दबा दिया गया। जिससे पता ही नहीं चले यहां कभी कोई दीवार खड़ी थी।
छात्रावास का निर्माण करा रही कम्पनी ने पूरी घटना का वीडियो शूट कर लिया है। 250 सीटर छात्रावास का निर्माण की बाउंड्रीवॉल तोड़ने की सूचना मिलते ही कलेक्टर रूचिका चौहान ने तत्काल प्रशासन और पुलिस की टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने ठेकेदार की जेसीबी जब्त कर चालक को हिरासत में लिया है। पुलिस ने जेसीबी चालक और ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
नोएडा की कंपनी कर रही निर्माण कार्य
सिरोल इलाके में पिछड़ी जनजाति छात्रावास का निर्माण कार्य चल रहा है। यह निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग के अधीन नोएडा की डीआर बिल्ड स्टेट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी कर रही है। नई दिल्ली निवासी चिरोंजी लाल चौधरी (59) इस प्रोजेक्ट के मैनेजर हैं।
यह छात्रावास 250 सीटर है और सिरोल में सर्वे नंबर 443 व 452 पर कार्य किया जा रहा है। पास ही एक रेजीडेंसी का काम चल रहा है। कोई विवाद न हो इसके लिए कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने छात्रावास की जमीन पर सीमेंट-कांक्रीट की बाउंड्रीवॉल बना दी थी। रविवार शाम करीब 5 बजे राधा रेसीडेंसी के ठेकेदार सोनू शर्मा ने छात्रावास की बाउंड्री जेसीबी से तोड़ दी। साथ ही छात्रावास के निर्माण के लिए लाई गई सामग्री को बाउंड्रीवॉल की जगह पर गड्ढा खोदकर मिट्टी से दबा दिया।

