Newsमप्र छत्तीसगढ़

केरल के दल ने विधानसभा अध्यक्ष से की उनके निवास पर चर्चा 

शहर विकास के कार्यों के साथ-साथ गौशाला का भी किया अवलोकन 
ग्वालियर – शहर में केरल के जनप्रतिनिधियों का एक दल भ्रमण कर शहर विकास के कार्यों का अवलोकन कर रहा है। दल द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ-साथ शनिवार को नगर निगम द्वारा संचालित आदर्श गौशाला लाल टिपारा का भी अवलोकन किया। केरल का यह दल 2 दिवस तक शहर में भ्रमण कर शहर की ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन करने के साथ-साथ आमजनों के हितार्थ शासन द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी अवलोकन करेगा।
केरल से आए जनप्रतिनिधियों के दल ने शनिवार को मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के निवास पर जाकर उनसे भेंट की तथा मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में किए जा रहे विकास कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही ग्वालियर-चंबल संभाग के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की। यह दल नगर निगम द्वारा संचालित आदर्श गौशाला लाल टिपारा भी पहुँचा। उन्होंने गौशाला में निराश्रित गायों की देखभाल के कार्यों का अवलोकन किया एवं संत लोगों से विस्तार से चर्चा की। इसके साथ ही नगर निगम द्वारा गौशाला परिसर में संचालित सीएनजी प्लांट का भी अवलोकन किया।
नगर निगम द्वारा निर्मित किए गए सागरताल स्थित आवासों का भी अवलोकन किया एवं निवास कर रहे नागरिकों से चर्चा की। दल द्वारा ग्वालियर के ऐतिहासिक दुर्ग पर संचालित लाइट एण्ड साउण्ड कार्यक्रम का भी अवलोकन करने के साथ-साथ ग्वालियर किले का भ्रमण भी किया। 15 फरवरी को पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के निवास स्थान शिंदे की छावनी पहुँचकर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ ही संचालित लाइब्रेरी का भी अवलोकन करेंगे। इसके साथ ही स्मार्ट सिटी द्वारा ग्वालियर में संचालित कंट्रोल कमाण्ड सेंटर का अवलोकन करेंगे।
केरल का दल  पार्षदों से करेगा चर्चा 
केरल से आया जनप्रतिनिधियों का दल रविवार को ग्वालियर के जलविहार में संचालित परिषद भवन का भी अवलोकन करेगा। इसके साथ ही परिषद संचालन के संबंध में पार्षदगणों से भी चर्चा करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *