नवग्रह शक्ति पीठ में आयोजित धार्मिक आयोजन की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
कंट्रोल रूम, सुरक्षा, फायर सेफ्टी व भीड़ प्रबंधन सहित समुचित व्यवस्थाओं की समीक्षा
ग्वालियर – डबरा में नवग्रह शक्ति पीठ में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर रुचिका चौहान, आईजी अरविंद सक्सेना व डीआईजी अमित सांघी सहित विभागीय अधिकारियों ने डबरा स्थित नवग्रह मंदिर में प्रस्तावित कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सर्वप्रथम कंट्रोल रूम पहुंचकर मॉनिटरिंग व्यवस्था का जायजा लिया तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने और सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंदिर परिसर में सुरक्षा एवं आवागमन व्यवस्था का अवलोकन किया। भीड़ की स्थिति को देखते हुए रस्सी एवं बैरिकेडिंग की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए, आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग किया जाए। इसके पश्चात उन्होंने यज्ञशाला का निरीक्षण कर यज्ञ की समयावधि, संभावित श्रद्धालुओं की संख्या तथा कार्यक्रम की समग्र रूपरेखा के संबंध में जानकारी ली।
इस दौरान अग्नि सुरक्षा के दृष्टिकोण से मंदिर परिसर में 16 फायर एक्सटिंग्विशर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने संबंधित स्टाफ को इनके उपयोग का प्रशिक्षण देने तथा डेमो आयोजित करने पर बल दिया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उपकरणों का प्रभावी उपयोग किया जा सके। कलेक्टर ने कथा स्थल का भी निरीक्षण कर बैठक व्यवस्था, प्रवेश-निकास प्रबंधन तथा भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

