MP में कल से बोर्ड परीक्षा, 16 लाख स्टूडेंट्स होंगे शामिल
भोपाल. मध्य प्रदेश में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में करीब 16 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स बैठेंगे। जिनके लिए प्रदेश भर में 3856 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। नकल रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड, सीसीटीवी निगरानी और थानों से प्रश्न-पत्र निकालने तक वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। सभी परीक्षाएं सुबह 9 से 12 बजे तक होंगी।

हर स्कूल को हर बच्चे तक यह टाइम टेबल पहुंचाने के निर्देश
इधर, माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कुछ समय पहले संशोधित टाइम टेबल भी जारी किया था। ऐसे में छात्र को भ्रम न रहे। इसके लिए हर स्कूल को हर बच्चे तक यह टाइम टेबल पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए थे। वहीं, परीक्षाओं के दबाव में बच्चों की सेहत बिगड़ने के मामलों को देखते हुए विशेषज्ञों ने जरूरी सलाह दी है। पैरेंट्स के लिए भी एक्सपर्ट ने टिप्स दिए हैं। जिससे अभिभावक बच्चों को एग्जाम में बेहतर तरीके से सपोर्ट कर सकें।
प्रशासन और शिक्षा विभाग ने महीनों पहले तैयारियां शुरू कर दी थीं
इस बार प्रदेश में 10वीं और 12वीं की परीक्षा में करीब 16 लाख छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें 9 लाख 7 हजार विद्यार्थी कक्षा 10वीं की परीक्षा देंगे, जबकि करीब 7 लाख छात्र 12वीं की बोर्ड परीक्षा में बैठेंगे। इतने बड़े स्तर पर होने वाली परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, नकलमुक्त और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग ने महीनों पहले से तैयारियां शुरू कर दी थीं।
3856 परीक्षा केंद्र, हर जिले में सख्त निगरानी
बोर्ड परीक्षाओं के लिए पूरे प्रदेश में 3856 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। राजधानी भोपाल की बात करें तो यहां 10वीं के 30 हजार 746 और 12वीं के 26 हजार 627 छात्र परीक्षा देंगे। इन छात्रों के लिए भोपाल में कुल 104 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। हर जिले में चार-चार फ्लाइंग स्क्वॉड गठित किए गए हैं। इनमें से दो स्क्वॉड विकासखंड स्तर पर और दो जिला स्तर पर काम करेंगे। हर स्क्वॉड में तीन सदस्य होंगे और तीनों पुलिस या प्रशासनिक स्तर के अधिकारी होंगे, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई हो सके।

