एजी ऑफिस से चन्द्रबदनी नाका तक सिक्सलेन सड़क निर्माण का तैयार करे प्रस्ताव – सांसद
ग्वालियर – शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिये सभी विभागों के समन्वय से सार्थक प्रयास हों। यातायात प्रबंधन का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए। क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह ने जिला यातायात समिति की बैठक में यह बात कही। यातायात प्रबंधन के लिये शहर में वैकल्पिक मार्गों का चिन्हांकन भी किया जाए। इसके लिये लोक निर्माण विभाग, पुलिस विभाग, नगर निगम एवं परिवहन विभाग का संयुक्त दल गठित किया जाए। यह दल सम्पूर्ण शहर में यातायात प्रबंधन के लिये वैकल्पिक मार्गों का चयन करे ताकि वैकल्पिक मार्गों को व्यवस्थित कर यातायात को और सुदृढ़ बनाया जा सके।
स्मार्ट सिटी एवं नगर निगम के माध्यम से शहर में लगाए गए सीसीटीव्ही कैमरों की निरंतर मॉनीटरिंग कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई की जाए। जो भी ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं उनके सुधार का कार्य करें। की गई कार्रवाई से आगामी बैठक में अवगत कराया जाए।
बैठक में स्कूल बसों की नियमित जाँच के आदेश भी दिए गए। इसके साथ ही शहर में यातायात व्यवस्था की बेहतरी के लिये पार्किंगों का बेहतर संचालन हो, यह भी सुनिश्चित किया गया। ग्वालियर में संचालित ई-रिक्शा एवं ऑटो संचालन को व्यवस्थित करने की दिशा में भी सार्थक प्रयास करने की बात कही गई।
नगर निगम एवं निर्माण विभाग के अधिकारियों को यह भी कहा है कि यातायात प्रबंधन की दृष्टि से जो सड़कें आवश्यक हैं उसके निर्माण का कार्य प्राथमिकता से किया जाए ताकि शहरवासियों को बेहतर यातायात की सुविधा उपलब्ध हो सके। शीतला माता रोड के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण सड़कों पर भी विद्युत व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिले में यातायात प्रबंधन के लिये किए जा रहे प्रयासों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने पुलिस विभाग के माध्यम से यातायात प्रबंधन के लिये किए गए कार्यों के संबंध में प्रजेंटेशन के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी। नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने नगर निगम के माध्यम से सड़कों के सुधार एवं यातायात प्रबंधन के लिये किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी देते हुए आगामी दिनों में होने वाले कार्यों की भी जानकारी दी।
आईएसबीटी व अन्य बस स्टेण्डों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करें
आईएसबीटी से बसों का आवागमन जल्द से जल्द शुरू कराएं। उन्होंने आईएसबीटी के अनुसार बसों के परमिटों में बदलाव की कार्रवाई जल्द से जल्द पूर्ण हो। बैठक में बताया गया कि प्रथम चरण में आईएसबीटी से भिण्ड व मुरैना की ओर आने-जाने वाली बसों का संचालन प्रस्तावित है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा कि इसके लिये शीघ्र ही संयुक्त बैठक आयोजित की जायेगी।

