रेलवे की नई सुविधा: अब घर बैठे ऐप से बुक कर सकेंगे पार्सल, 8 शहरों में शुरू होगी घर बैठे बुकिंग सेवा
नई दिल्ली. रेल की पार्सल सेवा को अधिक सरल, आधुनिक और ग्राहक-केंद्रित बनाने के लिए रेल पार्सल एप-घर से घर तक की शुरूआत की जा रही है। मोबाइल और वेबासइट दोनों माध्यमों पर उपलब्ध होने वाले इस एप के जरिये अब ग्राहकों को पार्सल बुक करने के लिए रेलवे स्टेशन पर कतारों में लगने की जरूरत नहीं पडेगी।
8 शहरों में पहले चरण की शुरूआत
शुरूआती चरण में इस अत्याधुनिक सेवा को देश के 8 प्रमुख शहरों दिल्ली, मुुंबई, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरू और पूणे में लागू किया जाएगा जिसके बाद इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे देश में विस्तारित किया जाएगा। इस डिजिटल पहल से छोटे व्यापारियों, किसानों, कारीगरों और ई-कामर्स विक्रेताओं को किफायती दर पर घर बैठे सुगम परिवहन का लाभ मिलेगा।
कैसे करेगी काम डोर-टू-डोर सेवा
इस सेवा को तीन चरणों में बांटा गया है। फर्स्ट माइल में रेलवे से जुडे लॉजिस्टिक्स पार्टनर ग्राहक के घर या प्रतिष्ठान से पार्सल पिक करेंगे। मिडिल माइल में रेल द्वारा पार्सल को सुरक्षित उसके गंतव्य स्टेशन तक पहुंचाया जाएगा। लास्ट माइल में गंत्व्य स्टेशन से लॉजिस्टिक्स पार्टनर इसे प्राप्तकर्ता के पते पर पहुंचाएंगे।
बुकिंग से जुडी मुख्य बातें
पार्सल की बुकिंग ट्रेन छूटने की निर्धारित समय से 15 दिन पहले से लेकर न्यूनतम एक दिन पहले तक की जा सकती है। पिकअप से पहले बुकिंग रद करने पर नियमानुसार राशि रिफंड का प्रावधान है। ग्राहकों को अपने सामान की सुरक्षित पैकिंग करने और ज्वलनशील, विस्फोटक या प्रतिबंधित वस्तुओं की बुकिंग न करने की हिदायत दी गई है।
