Newsमप्र छत्तीसगढ़

ओलावृष्टि की सूचना मिलने पर कलेक्टर मौके पर पहुंची

सिकरौदा और बड़की सराय गांव में पहुंचकर किसानों से की चर्चा
ग्वालियर -भितरवार क्षेत्र में सोमवार की रात को ओलावृष्टि की सूचना मिलने पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने बड़की सराय एवं सिकरौदा गांव में पहुंचकर ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया एवं प्रभावित किसानों से चर्चा की। एसडीएम भितरवार एवं रिवेन्यू के समस्त स्टाफ को निर्देशित किया है कि ओला प्रभावित खेतों के सर्वेक्षण का कार्य तत्काल प्रारंभ करें । उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी प्रभावित किसान सर्वेक्षण में वंचित नहीं रहना चाहिए । साथ ही किसी भी गलत व्यक्ति का नाम सर्वेक्षण में नहीं जुड़ना चाहिए ।
ओलावृष्टि की सूचना पर क्षेत्र में नहीं पहुंचने पर बड़कीसराय के पटवारी संजय शर्मा को कार्य के प्रति उदासीनता एवं लापरवाही बरतने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं।  भ्रमण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भितरवार राजीव समाधिया को निर्देशित किया है कि ओला प्रभावित सभी ग्रामों में प्रारंभिक सर्वेक्षण का कार्य तत्परता से प्रारंभ किया जाए। सर्वेक्षण के दौरान प्रभावित हुए सभी किसानों की सूची नाम एवं रकबे के साथ तैयार की जाए। ओला प्रभावित कोई भी किसान प्रारंभिक सर्वेक्षण में छूटना नहीं चाहिए। ओलावृष्टि के 4 – 5 दिन बाद कृषि विभाग के दल के माध्यम से भी जिले में सर्वेक्षण का कार्य कराया जायेगा।
किसानों को भी बीमा कंपनी को 14447 पर सूचना देने के उपरांत कंपनी के माध्यम से बीमे की राशि भी उपलब्ध कराई जायेगी। प्रारंभिक सूचना के आधार पर जिले के विकासखंड भितरवार में 10 से 11 गाँवों में ओले गिरने की सूचना प्राप्त हुई है। राजस्व का सम्पूर्ण अमला अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर ओला प्रभावितों के संबंध में जानकारी एकत्रित करने का कार्य कर रहा है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तहसीलदार पूजा मावई, तहसीलदार रुचि अग्रवाल सहित राजस्व विभाग का अमला उपस्थित था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *