चंबल पेयजल प्रोजेक्ट में तेजी लाने के लिये 15 – 15 दिन की कार्ययोजना बनाएं – सांसद
ग्वालियर – शहर की दीर्घकालीन पेयजल आपूर्ति के लिये निर्माणाधीन चंबल पेयजल प्रोजेक्ट के तहत पाइप लाइन डालने के काम में तेजी लाई जाए। चंबल प्रोजेक्ट को गति देने के लिये कार्य एजेंसी को 15 – 15 दिन की कार्ययोजना बनाकर दें। साथ ही दो शिफ्ट में काम कराया जाए, जिससे शहरवासियों को जल्द से जल्द इस प्रोजेक्ट के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति की जा सके।
सांसद ने अमृत 2.0 की प्रस्तावित कार्ययोजना की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि सम्पूर्ण ग्वालियर शहर की सभी बस्तियों की पेयजल व सीवर लाइनों के नेटवर्क का नक्शा तैयार कर प्रस्तुत करें, जिससे इन लाइनों को ध्यान में रखकर सड़कों का निर्माण किया जा सके। सांसद श्री कुशवाह ने कहा कि सड़क बनाने से पहले सभी तरह की पाइपलाइन डालने का कार्य कर लिया जाए, जिससे अनावश्यक रूप से सड़कों को खोदने की नौबत न आए।
रेलवे स्टेशन उन्नयन कार्य की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
ग्वालियर रेलवे स्टेशन के उन्नयनीकरण व सौंदर्यीकरण कार्य की धीमी प्रगति पर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि रेलवे के डायरेक्टर जनरल ऑफ ऑडिट को लिखित में सूचित करें कि ग्वालियर रेलवे स्टेशन के काम की गति अत्यंत धीमी है। साथ ही गुणवत्ता का भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है और यात्रियों को आने-जाने में खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। डायरेक्टर जनरल पूरे प्रोजेक्ट की जांच कराकर कार्य को गति दिलाएं।
आगरा-ग्वालियर 6 लेन एक्सप्रेस-वे के काम में तेजी लाने पर जोर
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा बनाए जा रहे आगरा-ग्वालियर 6 लेन एक्सप्रेस-वे के काम में तेजी लाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी उत्तरप्रदेश व राजस्थान के अधिकारियों से समन्वय बनाकर एक्सप्रेस-वे के काम को गति दें। भू-अर्जन की वजह से काम प्रभावित नहीं होना चाहिए। बैठक में बताया गया कि मध्यप्रदेश के हिस्से में इस एक्सप्रेस-वे पर लगभग 90 प्रतिशत भू-अर्जन का काम किया जा चुका है।
बैठक की खास बातें
अटल स्मारक का निर्माण कार्य मार्च माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुरार नदी उन्नयन कार्य की धीमी प्रगति सामने आने पर कार्य एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहर के चारों ओर आवासीय प्रोजेक्ट हाथ में लें, जिससे सम्पूर्ण शहर का विकास हो।
डामरीकृत सड़कों की बजाय सीमेंट-कंक्रीट की सड़कों के प्रस्ताव तैयार कराएं।
कार्य एजेंसियों को निर्देश दिए कि जिले में बनाई जा रहीं ग्रामीण सड़कों के दोनों ओर सुनियोजित वृक्षारोपण कराया जाए।
इस साल की बरसात में जिन बस्तियों में जल भराव की स्थिति बनी हैं वहाँ ऐसे इंतजाम करें, जिससे अगली बारिश में यह स्थिति न बने।
नगर निगम की आय बढ़ाने के लिये संपत्तिकर की वसूली में तेजी लाएं। साथ ही बड़े बकायादारों के नाम सार्वजनिक करें।
नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम को गंभीरता से लें और शहर में एयर क्लाविटी इंडेक्स जाँचने के लिये प्वॉइंट बढ़ाए जाएं।
पीएम जनमन योजना के शेष कार्य जल्द पूर्ण करायें।
वन विभाग की कैम्पा योजना के तहत सिटी फोरेस्ट विकसित करने पर भी बल दिया गया।
