ग्वालियर में 19 सडक़ें आज तक अधूरी, पांच लाख से ज्यादा लोग बेहाल

ग्वालियर. शहर की सडक़ों को गड्ढा मुक्त करने के नाम पर शुरू की गई कायाकल्प योजना खुद अब बदहाली का शिकार हो चुकी है। वर्ष 2023-24 में स्वीकृत हुई 39 में से 19 सडक़े आज भी ऐसी हैं, जिनका निर्माण कार्य अब तक शुरू ही नहीं हो सका है। इससे शहर के पांच लाख से ज्यादा लोग रोज धूल भरी व जर्जर सडक़ से जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। वहीं जर्जर सडक़ होने से आए दिन लोग गिरकर चोटिल होकर अस्पताल पहुंच रहे है। ऐसे में फिलहाल शहर की सडक़े नहीं, बल्कि जनता का धैर्य टूट रहा है।
कायाकल्प योजना से बननी थी 78 सडक़े
प्रदेश सरकार ने शहर की जर्जर सडक़ों को सुधारने के लिए दो साल पूर्व ग्वालियर, पूर्व, दक्षिण और ग्रामीण विधानसभा की 78 सडक़ों को शामिल करते हुए दो चरणों में कार्य करने के लिए कहा था। लेकिन पूर्व विधानसभा को छोडकऱ ग्वालियर, दक्षिण और ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की 19 सडक़े ऐसी है, जिनका कार्य अफसरों व ठेकेदारों की लापरवाही और मनमानी से आज तक शुरू नहीं हो सका है। इससे पब्लिक में निगम को लेकर खासी नाराजगी है।
मास्टर प्लान सिर्फ फाइलों में
इन सडक़ों को मास्टर प्लान के अनुसार विकसित किया जाना था, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि कई इलाकों में सडक़े गड्ढे में तब्दील हो चुकी हैं। कहीं धूल उड़ रही है, तो कहीं कीचड़ और जलभराव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दो साल गुजर जाने के बाद भी जिम्मेदार विभाग सिर्फ तारीख पर तारीख दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *