नववर्ष पर ग्वालियर किले पर 11 हजार से ज्यादा पर्यटक पहुंचे

ग्वालियर. नववर्ष के पहले दिन ग्वालियर के पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ उमड़ी। शहर के किले पर 11 हजार से अधिक सैलानी पहुंचे, जबकि चिड़ियाघर, बैजा ताल बोट क्लब और मॉल में भी दिनभर चहल-पहल रही। शहर और आसपास के क्षेत्रों से आए पर्यटकों ने नववर्ष मनाने के लिए ग्वालियर किले की ओर रुख किया, जिससे वहां जाने वाले सभी मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई। सुबह 9 बजे से सैलानियों का पहुंचना शुरू हो गया था, जो शाम तक जारी रहा।
चिड़ियाघर में रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक पहुंचे
गांधी प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) में रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक पहुंचे और हजारों टिकट बिके। वहीं, बैजा ताल बोट क्लब में एक हजार से अधिक लोगों ने टिकट खरीदे। प्रमुख मॉल में भी पूरे दिन भीड़भाड़ रही। पर्यटकों की अधिक संख्या के कारण शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ।
100 से ज्यादा विदेशी सैलानी भी पहुंचे
भीड़ को देखते हुए पुलिस को उरवाई गेट की तरफ जाने वाले मार्ग को शब्द प्रताप आश्रम के पास बैरिकेड्स लगाकर चार पहिया वाहन के लिए बंद करना पड़ा। किले पर एएसआई के म्यूजियम में 4200 भारतीय सैलानियों के साथ करीब 100 से ज्यादा विदेशी सैलानी भी पहुंचे। उपनगर ग्वालियर की ओर वाले किले के प्रवेश द्वार पर सैलानियों की लंबी कतार लगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *