केमीकल कंपनी में जूनियर ने सीनियर पर किया अटैक
ग्वालियर. केमीकल कम्पनी में काम करने वाले जूनियर कर्मचारी ने सीनियर पर कैंची से ताबड़तोड़ अटैक कर दिया। आरोपी ने 2-3 बार कैंची से हमला किया। जो सीनियर के सीने और पीठ में लगे। सीने में लगा घाव फेफडे तक पहुंच गया। घटना मंगलवार को गोला का मंदिर इलाके में गर्ग केमीकल कम्पनी में हुई।
ऐसा बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। घायल सीनियर कर्मचारी ने जूनियर से कहा था कि वह काम ठीक से नहीं कर रहा है। इस पर जूनियर ने जवाब दिया कि वह ऐसे ही काम करेगा, गालियां देने लगा। जब उसे गालियां देने से मना किया तो उसने सीनियर के सीने में कैंची घुसेड़ दी। घायल को तत्काल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मंगलवार को अस्पताल पहुंचकर बयान दर्ज किये। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तलाश शुरू की।
घायल बोला- बचने का प्रयास किया, इसलिए पीठ और सीने पर लगी कैंची
घायल ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने पहले कैंची उसके सिर पर मारने के लिए उठाई थी। हमले के दौरान वह बचने के लिए इधर-उधर भागता रहा, इसी कारण कैंची उसके सीने और पीठ में लगी। इनमें से एक वार इतना गंभीर था कि घाव फेफड़े तक पहुंच गया। पुलिस ने अस्पताल में ही घायल के बयान दर्ज किए और मंगलवार को मामले में केस दर्ज कर लिया।
