पहले रविवार को सैलानियों से गुलजार हुआ मेला, व्यापारियों के चेहरे खुशी से खिले, झूला सेक्टर में सेलानियों से भरा खचाखच

ग्वालियर. व्यापार मेला के पहले संडे व्यापारियों के चेहरे पर मुस्कुराहट लेकर आया। शाम के बाद सैलानियों की भीड़ देखकर व्यापारियों के चेहरे खुशी से खिल गये। रात तक मेले के झूला सेक्टर में चहल-पहल देखने को मिली। मेले के झूला सेक्टर में पहुंचकर कर लोगों ने अलग-अलग झूलों का मजा लिया। हालांकि अभी सिर्फ झूला सेक्टर ही पूरी तरह लगा है। आपको बता दें कि इस बार कई तरह के खास झूले लगे हैं। जो लोगों को अपनी ओर लुभा रहा है। मेला पहुंचने वालों का कहना है कि मेला अभी पूरी तरह से नहीं लगा है। लेकिन झूला सेक्टर में पूरी रौनक बरकरार है। अनुमान है कि अगले रविवार या मंगलवार तक पूरा मेला सजधज कर अपने शबाब पर आयेगा।
25 फरवरी तक चलेगा ग्वालियर मेला
ग्वालियर व्यापार मेले का शुभारंभ 25 दिसंबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने किया था। मेला अब 25 फरवरी तक चलेगा। रविवार को व्यापारियों को मेले में ज्यादा चहल-पहल की आशा रहती है। स्कूलों, दफ्तरों में छुट्टी का पूरा असर मेला में आने वाले सैलानियों की संख्या में दिखाई दिया है। रविवार दोपहर 1 बजे के बाद मेला में लोगों का आना-जाने का सिलसिला शुरू हो गया था। शाम 6 बजे के बाद मेला के झूला सेक्टर में भीड़ बढ़ने लगी थी। अभी मेला अपने पूरे वैभव पर नहीं आया है, लेकिन झूला सेक्टर मेला घूमने आने वालों के लिए पूरी तरह तैयार है। यहां मेला घूमने आने वाले निराश भी नहीं हो रहे हैं। इस बार कई तरह के खास झूले लगे हैं, जो मेला घूमने आए लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।
