युवती से एसडीएम गंदी-गंदी बातें करता है, युवती ने फोन उठाना बंद किया परिवार को धमका रहा है, कलेक्टर ने मुख्यालय में अटैच किया
मुरैना. सबलगढ़ एसडीएम अरविंद माहौर को युवती से फोन पर गाली-गलौज के आरोप में हटा दिया गया है। मंगलवार को मुरैना कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान पीडि़त परिवार ने कलेक्टर अंकित अस्थाना से एसडीएम की वीडियो सहित शिकायत की है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि एसडीएम अरविंद माहौर पिछले एक साल से उनकी बेटी को फोन पर गालियां दे रहे हैं। परिवार को मानसिंक रूप से परेशान कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने एसडीएम को मुख्यालय में अटैच कर उनसे कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
फोन पर गाली-गलौज
शिकायतकर्ता महिला और उसके पति ने बताया है एसडीएम ने उनकी बेटी का मोबाइल नम्बर पता कर लिया और पिछले एक साल से देर रात को फोन कर गंदी-गंदी बातें करते हैं। जब उनकी बेटी ने फोन उठाना बन्द कर दिया तो रिश्तेदारों को फोन पर धमकाने लगे।
परिवार ने आत्महत्या की चेतावनी दी
शिकायत में महिला ने कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार आत्महत्या को मजबूर हो जाएगा। अब यह प्रताड़ना सहन नहीं हो रही है, इसलिए कलेक्टर से न्याय की गुहार लेकर आए हैं।
इस मामले के सामने आने के बाद कलेक्टर अंकित अस्थाना ने मंगलवार को एसडीएम अरविंद माहौर को मुख्यालय अटैच कर दिया है। उनके स्थान पर मेघा तिवारी को सबलगढ़ का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है।
SDM बोले- आरोप गलत, परिवार को नहीं जानता
इस मामले पर एसडीएम अरविंद माहौर ने पहले कहा कि उन्हें किसी ऐसे आरोप की जानकारी नहीं है। बाद में उन्होंने स्वीकार किया कि कलेक्टर कार्यालय से जानकारी मिली है, लेकिन वह संबंधित परिवार को नहीं जानते।

