मुरैना में गोलीबारी, पथराव और लाठियां चली

मुरैना. स्टेशन रोड थाना इलाके के जेबरा खेरागांव में पुराने विवाद को लेकर शनिवार को 2 पक्षों में जमकर बवाल हुआ। आरोप है कि 3 नामजद युवकों ने एक घर के बाहर पहले फायरिंग की। फिर पथराव और लाठियों से हमला किया। घटना में एक महिला घायल हो गयी।
पूरा मामला गांव के ही सीसीटीवी में कैद हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार जेबरा खेरा निवासी जितेश शर्मा का गांव के विकास शर्मा से लम्बे समय से विवाद चल रहा है। शनिवार की दोपहर जितेश दुकान पर बैठका था। तभी विकास शर्मा, उसका भाई नितिन शर्मा, दोस्त आकाश शर्मा और एक अन्य युवक एक राय होकर आये। जितेश के घर के बाहर फायरिंग शुरू कर दी, जान बचाने के लिये जितेश घर के अन्दर घुस गये।
इसके बाद आरोपियों ने करीब ढाई मिनट में चार राउंड फायर किए, फिर पथराव और लाठियों से हमला किया। बीच-बचाव करने आई जितेश की मां को लाठी लगने से चोट आई। पुलिस ने जितेश की शिकायत पर विकास शर्मा और अन्य आरोपियों पर केस दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। मुरैना सीएसपी दीपाली चंदोरिया ने बताया कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान हो चुकी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

