प्रदीप मिश्रा के कुबेरेश्वर धाम में मची भगदड़ से 2 की मौत
सीहोर. कुबेरेश्वर धाम में मंगलवार को भारी भीड़ के चलते भगदड़ में 2 लोगों की मौत हो गयी। 8-10 श्रद्धालु चक्कर और घबराहट की शिकायत के बाद अस्पताल पहुंचे है। जिनमें से 2 की हालत नाजुक बताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गयी हैं।
प्रदीप मिश्रा बुधवार को कुबेरेश्वर धाम से चितावलिया हेमागांव तक कांवड यात्रा निकलने वाले हैं। इसमें शामिल होने के लिये एक दिन पूर्व ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भण्डारे, ठहराव और दर्शन के लिये जगह कम पड़ने लगी। जिससे भीड़ अनियंत्रित हो गयी। कई जगहों पर अफरातफरी का वातावरण निर्मित हो गया तो इनमें 2 की दबने से मौत हो गयी।
डेढ़ घंटा लगा घायलों को अस्पताल ले जाने में
कुबेरेश्वर धाम के आसपास इतनी अधिक भड है कि घायलों को जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लाने में डेढ़ घंटे का वक्त लग गया। घटना के 3 घंटे के बाद भी स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन दोनों मृतकों की पहचान नहीं कर सका है। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. प्रवीर गुप्ता ने हादसे को लेकर कुछ भी कहने से मना कर दिया।
4 हजार श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था
प्रशासन और आयोजकों ने दावा किया था कि 4 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था नमक चौराहा, राधेश्याम कॉलोनी, बजरंग अखाड़ा, अटल पार्क, शास्त्री स्कूल, लुर्द माता स्कूल और सीवन नदी के पास की गई थी। पूरे सावन मास प्रसादी वितरण की तैयारी भी की गई थी, लेकिन एक दिन पहले ही भीड़ का दबाव बढ़ने से व्यवस्था टूट गई।



