चोर गिरोह का सरगना निकाला पुलिस का जवान, मुरार की 3 चोरियों का हुआ खुलासा

ग्वालियर. मुरार इलाके में पुलिस एक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। जिसकी अगुवाई राजगढ़ में तैनात एक पुलिस आरक्षक कर रहा था। यह वही आरक्षक है जो डबरा में कुछ दिन पहले हुई स्कॉर्पियों चोरी के केस में पकड़ा गया था अभी फिलहाल जेल में बन्द है।
मुरार की 3 बड़ी चोरियों में इस गैंग ने लगभग 10 लाख रूपये की ज्वेलरी चुराई है। हैरानी की बात यह है कि चोरों को चोरी केलिये स्वयं पुलिस के सिपाही रवि जाटव अपनी कार से लाता था और वारदात के बाद वापिस लेकर भी जाता था। पकड़े गये 2 चोरों से पूछताछ जारी है। वहीं जेल में बन्द रवि और उसके साथी बॉबी को पुलिस जल्द प्रोटेक्शन वारंट पर पूछताछ के लिय लायेगी।
स्कॉर्पियों की चोरी का मामला
10-11 जुलाई की रात डबरा की शुगर मिल कॉलोनी से एक स्कॉर्पियों चोरी हो गयी थी और साथ ही एक और घर से सोने -चांदी की ज्वलेरी और नगदी भी चोरी हुई थी। जांच में सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि चोरी के पीछे पुलिस का जवान रवि जाटव ही मास्टर माइंड था। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
शहर में तीन चोरियों का हुआ खुलासा
केस-1
मुरार के फक्कड़ बाबा आश्रम के सामने गुलाबपुरी निवासी गोपाल सिंह तोमर 8 अगस्त 2024 को सुबह परिवार के साथ खाटू श्याम गए थे। 9 अगस्त 2024 को मोहल्ले के सुनील शर्मा ने गोपाल को फोन करके बताया कि उनके घर में चोरी हो गई है। वापस आकर सामान चेक किया तो पता चला कि अलमारी में रखा सोने का मंगलसूत्र, तीन सोने की पुरानी लेडीज़ अंगूठियां, एक अंगूठी (जेट्स), एक सोने का ब्रजबाला, एक सोने की सुई-धागा, एक टॉप्स, तीन जोड़ी चांदी की तोड़िया, बिछिया और कुछ रुपए चोरी कर लिए गए हैं। इस वारदात को सिपाही की गैंग ने अंजाम दिया था।
केस-2
इसी प्रकार, 20 जून 2025 को फरियादी पंकज कुमार मिश्रा, निवासी लालटिपारा मुरार ने थाना में रिपोर्ट की थी कि 18 जून को वह रात में दिल्ली चला गया था। वापस आने पर देखा कि कोई चोर ताला तोड़कर पुरानी चांदी की दो करदोनी और तीन पुराने उपयोग किए गए सोने के मंगलसूत्र चोरी कर ले गया है। इस वारदात को भी पुलिस आरक्षक की गैंग ने कबूल किया है।
केस-3
फरियादी अमर सिंह पुत्र रामसिया बघेल, निवासी ग्राम रमतला का पुरा, थाना मौ, जिला भिंड, हाल निवासी सोनपाल स्कूल के पीछे बड़ागांव खुरैरी के घर में 12-13 जुलाई की दरमियानी रात अज्ञात आरोपी द्वारा ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात की चोरी की गई थी। इस वारदात को सिपाही रवि जाटव की गैंग ने अंजाम दिया था। पकड़े गए चोरों ने इस वारदात को कबूल किया है।
इस मामले में एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह का कहना है कि पुलिस ने एक चोर गिरोह पकड़ा है। जिससे मुरार इलाके में तीन चोरियों का खुलासा हुआ है। गिरोह के दो सदस्य पिछले सप्ताह डबरा में पकड़े गए थे। इनको भी पूछताछ के लिए लाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *