मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश हाईवे बंद, 13 राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
नई दिल्ली. मौसम विभाग ने शनिवार को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ, महाराष्ट्र और गोवा में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इनके अलावा पूर्व और दक्षिण के 13 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट है। बंगाल की खाडी में बने लो प्रेशर की वजह से शनिवार को बंगाल के दक्षिणी जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश में शुक्रवार को भी तेज बारिश हुई। सिंगरौली में 7 इंच बारिश दर्ज की गई है।

अशोकनगर के चंदेरी में राजघाट डैम के 12 गेट खोले गए। इससे यहां पुल पर 8 फीट तक पानी भर गया। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश को जोडने वाला हाईवे बंद होने से वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई है। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का कहर जारी है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार राज्य में शुक्रवार शाम तक 221 सडकें, 36 बिजली के ट्रांसफॉर्मर और 152 जलापूर्ति योजनाएं बंद थी। हिमाचल में इस सीजन में 24 जुलाई तक बादल फटने की 25, लैंडस्लाइड की 30 और अचानक बाढ की 42 घटनाएं हुई है। इससे 414 मकान और 297 मकान जमींदोज हो गए। वहीं 877 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। राज्य में अब तक 153 लोगों की जान जा चुकी है जबकि 1436 करोड रुपए की सरकारी व निजी संपत्ति नष्ट हो चुकी है।
